बैतूल में युवक से ₹3.02 लाख की ठगी: फर्जी गोदरेज कंपनी के नाम पर टेलीग्राम से जॉब ऑफर, FIR दर्ज – Betul News

बैतूल में युवक से ₹3.02 लाख की ठगी:  फर्जी गोदरेज कंपनी के नाम पर टेलीग्राम से जॉब ऑफर, FIR दर्ज – Betul News



बैतूल में एक युवक से टेलीग्राम ऐप के जरिए फर्जी ‘Godrej Properties Ltd.’ के नाम पर ₹3.02 लाख से अधिक की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

.

फरियादी अभिषेक सिंह (37), निवासी वैष्णवी नगर, रानीपुर रोड, गौठाना, बैतूल ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2025 में उनके मोबाइल पर टेलीग्राम ऐप से एक लिंक आया था। इस लिंक में ‘Godrej Properties’ कंपनी के नाम से नौकरी का प्रस्ताव दिया गया था।

ठगों ने अभिषेक को एक वेबसाइट लिंक भेजकर उसे कंपनी की आधिकारिक साइट बताया, जिस पर उन्होंने पंजीकरण किया। इसके बाद, आरोपियों ने ऑनलाइन टास्क भेजे और हर टास्क पूरा करने पर छोटे-छोटे मुनाफे का लालच देकर उनका विश्वास जीता।

UPI आईडी-फर्जी बैंक खातों में अमाउंट ट्रांसफर धीरे-धीरे, उनसे निवेश के नाम पर पैसे जमा कराने को कहा गया। फरियादी ने 23 अगस्त से 3 सितंबर 2025 के बीच कुल ₹3,02,603/- की राशि यूपीआई आईडी और फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।

पैसे भेजने के बाद न तो उन्हें कोई नौकरी मिली और न ही ठगों से संपर्क हो पाया। जब सभी नंबर बंद हो गए, तो अभिषेक को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 27/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। साइबर सेल के माध्यम से खातों की ट्रेसिंग और रकम की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक बैतूल, वीरेंद्र जैन ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी ऑनलाइन नौकरी या निवेश प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और संपर्क सूत्रों की जांच करें। उन्होंने आगाह किया कि किसी भी कार्य या नौकरी के लिए पैसे जमा न करें, अज्ञात लिंक या ऐप पर लॉगिन करने से बचें, और किसी को भी ओटीपी, पिन या बैंक विवरण साझा न करें।

एसपी जैन ने यह भी कहा कि साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें। जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, उतनी ही राशि वापस मिलने की संभावना अधिक रहती है।



Source link