IND vs NZ 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है. इस सीरीज में कीवी टीम के लिए अगर कोई सबसे बड़ा खतरा हो सकता है, तो वह वो खिलाड़ी है जो चोट से जूझने के करीब 5 महीने बाद टीम इंडिया में लौटा है. पूरी तह फिट होने के बाद उसे बीसीसीआई की तरफ से ग्रीन सिग्नल भी मिल चुका है. इस सीरीज में यह खूंखार बल्लेबाज नंबर 4 पर आकर चौके-छक्कों की बारिश करता दिखेगा. अब तो आप समझ ही गए होंगे कि यहां बात दाएं हाथ के श्रेयस अय्यर की हो रही है, जो लंबे समय बाद टीम में वापस लौटे हैं.
श्रेयस अय्यर चाहेंगे कि वो दमदार प्रदर्शन करें, रनों का अंबार लगाकर अपनी वापसी को यादगार बनाएं, उनके पास मौका और फॉर्म दोनों हैं. हाल ही में ये खिलाड़ी विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में नजर आया था, जहां उन्होंने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 53 गेंदों पर 82 रन ठोके थे, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे. इस पारी के दम पर उन्होंने बता दिया था कि वो पूरी तरह तैयार हैं और कीवी गेंदबाजों के होश उड़ा सकते हैं. पिछला रिकॉर्ड इस बात की गवाही देता है कि अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ हमेशा बेहतरीन करते रहे हैं और एक बार फिर तबाही मचा सकते हैं.
कैसा है श्रेयस अय्यर का वनडे करियर?
श्रेयस अय्यर ने 2017 से लेकर 2025 तक भारत के लिए 73 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 47.81 की औसत से कुल 2917 रन बनाए हैं. उनके नाम 5 शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा है अय्यर का रिकॉर्ड?
अपने वनडे करियर में श्रेयस अय्यर ने अगर किसी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, तो वो न्यूजीलैंड है. कीवी टीम के खिलाफ उन्होंने 10 मैचों में 67.88 की औसत से 611 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं. जब-जब अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरे हैं, तब-तब उन्होंने बल्ले से कहर बरपाया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रेयस ने 10 वनडे में 55 चौके और 18 छक्के लगाए हैं.
वेस्टइंडीज दूसरे और साउथ अफ्रीका तीसरे नंबर पर
न्यूजीलैंड के बाद श्रेयस अय्यर ने जिस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, वो वेस्टइंडीज है. इसके खिलाफ उन्होंने 10 वनडे मैचों में 56.33 की औसत से 507 रन बनाए हैं. तीसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका है, जिसके खिलाफ अय्यर ने 11 मैचों में 422 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं.
न्यूजीलैंड की वनडे टीम
माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, जैक फॉल्क्स, मिच हे, काइल जैमीसन, निक केली, जेडन लेनॉक्स, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रे, विल यंग.
भारत की वनडे टीम इस प्रकार है
भारतीय टीम- शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: इस बार भी नहीं टूटेगा विराट कोहली का ये प्रचंड रिकॉर्ड, पिछले 10 साल से है अमर