Gujarat Giants Women vs UP Warriorz Women: महिला प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे मैच में रनों की सुनामी देखने को मिली. नवी मुंबई में खेले गए मुकाबले में गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स की टीम ने स्कोरबोर्ड पर रनों का अंबार लगाया. पहले बल्लेबाजी करते हुए जायंट्स ने 207 रनों का पहाड़ खड़ा किया. इसके जवाब में यूपी वॉरियर्स की टीम ने अंत तक लड़ाई तो लगी और आखिरी ओवर में 16 रन बनाकर रोमांच को बरकरार रखा, लेकिन 10 रन से ये मुकाबला हार गई.
लिचफील्ड की तूफानी पारी पर फिरा पानी
गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच में यूपी वॉरियर्स की तरफ से रनों का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फीबी लिचफील्ड ने 78 रनों की तूफानी पारी खेली. 195.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए युवा खिलाड़ी ने 8 चौके और 5 छक्के लगाए. हालांकि, उनकी इस पारी पर पानी फिर गया, क्योंकि गुजरात जायंट्स ने 10 रन से मैच जीतकर जीत के साथ WPL 2026 का आगाज किया है.
GG vs UPW मैच में बना छक्कों का महारिकॉर्ड
गुजरात जायंट्स बनाम यूपी वॉरियर्स मैच में कुल 21 छक्के लगे. दिलचस्प बात ये है कि गुजरात जायंट्स (10) से ज्यादा सिक्स मारकर भी यूपी वॉरियर्स (11) को जीत नहीं मिली. बता दें कि इससे पहले महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में कभी किसी मैच में इतने छक्के नहीं लगे थे. 2024 में RCB बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच के दौरान 19 सिक्स लगे थे. अब ये रिकॉर्ड टूट चुका है.
गुजरात जायंट्स ने बनाए थे 207 रन
इससे पहले यूपी वॉरियर्स के खिलाफ मैच में गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207 रनों का पहाड़ खड़ा किया. कप्तान एशले गार्डनर ने 41 गेंदों पर 65 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं, 22 साल की अनुष्का शर्मा ने उनका अच्छा साथ निभाया. जायंट्स ने आखिरी दो ओवर में 34 रन बना दिए. इस पारी के दौरान कुल 10 छक्के लगे. यूपी वॉरियर्स के लिए सोफी एक्लेस्टोन ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए.
ये भी पढ़ें: 16 चौके-छक्के, 192 का स्ट्राइक रेट… ‘रनबाज’ वैभव सूर्यवंशी ने फिर मचाया कोहराम, बना डाले इतने रन