24 चौके 24 छक्के… जिसे सेलेक्टर्स ने वर्ल्ड कप टीम से निकाला, उसने गेंदबाजों को फोड़ा, 2 सेंचुरी ठोक दिया करारा जवाब


SA20, Ryan Rickelton: जब किसी खिलाड़ी को अच्छे प्रदर्शन के बाद भी टीम में जगह नहीं मिलती, तो कहीं न कहीं उसका दिल टूटता है. असली योद्धा वही होता है, जो फिर से मेहनत करे और सेलेक्टर्स को करारा जवाब दे. इन दिनों साउथ अफ्रीका का एक खिलाड़ी यही काम करने में जुटा है. उसे 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम में जगह नहीं मिली, जबकि वह ओपनिंग के लिए बढ़िया दावेदार था. खुद को हर मोर्चे पर साबित कर चुका था. टीम से बाहर किए जाने के बाद उसने बल्ले से तबाही मचा दी है. इन दिनों वह साउथ अफ्रीका टी20 लीग में रनों की बारिश कर रहा है. यह कोई और नहीं बल्कि बाएं हाथ के तूफानी ओपनर रायन रिकेल्टन हैं.

बाएं हाथ का यह खूंखार बल्लेबाज SA20 के मौजूदा सीजन में बल्ले से धमाके पर धमाका किए जा रहा है. उन्होंने इस सीजन में दो शतक ठोक डाले हैं. वह सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा चौके-छक्के बनाने वाले बैटर बन चुके हैं. उनकी बैटिंग देखकर फैंस यही कह रहे हैं कि टीम से ड्रॉप होने के बाद यह खिलाड़ी गेंदबाजों पर गुस्सा निकाल रहा है और सेलेक्टर्स को करारा जवाब दे रहा है.

रायन रिकेल्टन ने ऐसे रचा इतिहास

रायन रिकेल्टन ने 2 शतक ठोक इतिहास रच दिया है. वह SA20 के इतिहास में दो शतक ठोकने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं. उन्होंने ये दोनों शतक मौजूदा सीजन में ही लगाए हैं. वह इस सीजन में अब तक 7 मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें 24 चौके और 24 छक्कों के दम पर 317 रन कूटे हैं. वह सीजन के टॉप रन स्कोरर हैं.

Add Zee News as a Preferred Source


मैच का लेखा जोखा

10 जनवरी की रात इस बल्लेबाज की सुनामी एक बार फिर आई. वह गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे. वह एमआई केपटाउन टीम का हिस्सा हैं और सीजन के 20वें मुकाबले में जोबर्ग सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने 60 गेंदों पर 9 छक्के और 8 चौकों की मदद से नाबाद 113 रन ठोके.

एमआई केपटाउन और जोबर्ग सुपर किंग्स के बीच यह मुकाबला जोहान्सबर्ग के मैदान पर हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई केपटाउन ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 234 रन बनाए. जवाब में जोबर्ग की टीम 5 विकेट पर 198 रन ही बना सकी और मैच 36 रनों से हार गई. जीत के हीरो रायन रिकेल्टन रहे, जिन्होंने 60 गेंदों पर 113 रन कूटे.

पहला शतक किस टीम के खिलाफ ठोका था?

रायन रिकेल्टन ने इस सीजन में अपनी पहली सेंचुरी 26 दिसंबर 2025 को लगाई थी. उस मैच में रिकेल्टन डरबन सुपर जायंट्स के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे थे. उन्होंने 63 गेंदों पर 11 छक्कों की मदद से 113 रन ठोके थे. हालांकि उस मैच में 233 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए थे, लेकिन दूसरे शतक में उनकी टीम जीत दर्ज करने में सफल रही.

 T20 WC टीम में नहीं हैं रिकेल्टन

रायन रिकेल्टन साउथ अफ्रीका के फ्यूचर बल्लेबाज माने जाते हैं. वह अब तक 15 टेस्ट, 17 वनडे और 18 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं. क्विंटन डी कॉक के संन्यास के बाद उन्हें उनका उत्तराधिकारी कहा जा रहा था. ओपनिंग में उन्होंने अपनी जगह भी पक्की कर ली थी, लेकिन डी कॉक ने संन्यास से वापसी की तो इस खिलाड़ी को फिर से किनारे कर दिया गया. टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम से बाहर रखा गया. इसके बाद रिकेल्टन SA20 के मौजूदा सीजन में रनों और छक्कों की बारिश करने में जुट गए हैं. अब फैंस कह रहे हैं कि सेलेक्टर्स ने इस खिलाड़ी को नहीं चुनकर कहीं बड़ी गलती तो नहीं कर दी.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: ऋषभ पंत की जगह लेने को तैयार ये 2 तूफानी खिलाड़ी, ठोकते हैं बड़े-बड़े छक्के, किसकी लगेगी लॉटरी?



Source link