T20 WC 2026: अब इस बात को लेकर टेंशन में आया अड़ियल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, ICC के सामने फिर गिड़गिड़ाया

T20 WC 2026: अब इस बात को लेकर टेंशन में आया अड़ियल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, ICC के सामने फिर गिड़गिड़ाया


Bangladesh Cricket Board venue dispute: क्रिकेट फैंस को 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप 2026 का बेसब्री से इंतजार है, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इस विश्व कप से ठीक पहले एक बवाल मचा हुआ है. वो ये है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भारत में अपने मैच नहीं खेलना चाहता है. इस मुद्दे पर आईसीसी की तरफ से उसे अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. वेन्यू बदलने की मांग को इग्नोर किए जाने से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की टेंशन बढ़ रही है. वो एक बार फिर आईसीसी के सामने गिड़गिड़ाता दिखा है. हालांकि वो इस बात पर अड़ा हुआ है कि भारत में तो वो मैच नहीं खेलेगा.

11 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने साफ तौर पर कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत में खेलने को लेकर उन्होंने ICC के सामने अपनी चिंता व्यक्त की थी, लेकिन इस पर अब तक ICC की ओर से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है. बुलबुल ने ये भी कहा है कि इस पूरे मामले पर उन्होंने अपना रुख नहीं बदला है, वह अपने फैसले पर अभी भी अडिग हैं.

दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) चाहता है कि उसकी टीम अपने मैच भारत के बाहर खेले, जबकि शेड्यूल के अनुसार ग्रुप स्टेज के 4 मैच उसे भारत में खेलने हैं. इस मुद्दे पर आईसीसी की तरफ से अब तक उसे जवाब नहीं मिला है, जबकि टी20 विश्व कप की तारीख बेहद नजदीक आ चुकी है. इसलिए बोर्ड की टेंशन बढ़ रही है. पीटीआई के मुताबिक, बुलबुल ने कहा, ‘हमें अभी तक आईसीसी से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है, हमने अपनी चिंताओं से जुड़े सभी कागजात भेज दिए हैं.’

Add Zee News as a Preferred Source


ICC के सामने गिड़गिड़ाया बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड

अमीनुल इस्लाम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत का कोई भी वैकल्पिक वेन्यू आखिरकार भारत ही होगा. आप जानते हैं कि कोई भी एकतरफा फैसला नहीं लिया जा सकता और हमें सरकार के निर्देशों का पालन करना होगा, हम आज भी उसी स्थिति में खड़े हैं, जहां कुछ दिन पहले थे. उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि बीसीबी आईसीसी की प्रतिक्रिया आने तक बोर्ड कोई अगला कदम नहीं उठाएगा. उन्होंने कहा कि अगर हमें श्रीलंका में खेलने की परमिशन नहीं मिलती तो हम क्या करेंगे, इस पर मैं तब तक कुछ नहीं कह सकता जब तक कि आईसीसी का जवाब नहीं मिलता.

आखिर क्यों शुरू हुआ ये विवाद?

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी के बीच वेन्यू बदलने की मांग वाला विवाद इसलिए उपजा है, क्योंकि कुछ दिनों पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के लिए रिलीज कर दिया था. केकेआर ने बीसीसीआई के आदेश पर 9.20 करोड़ में खरीदे गए मुस्ताफिजुर को बाहर किया था. इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड तिलमिला उठा था. जिसके बाद उसने भारत में मैच खेलने से मना कर दिया और दलील दी कि वहां जाने से उसके खिलाड़ियों को खतरा है. पिछले दिनों एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि आईसीसी ने उसकी ये मांग खारिज कर दी है, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड कभी लेटर लिखकर तो कभी बयान देकर अपनी इस मांग पर अड़ियल रुख अपनाए हुए है.

ये भी पढ़ें:  IND vs NZ: श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने का मौका…83 रन बनाते ही तोड़ देंगे शिखर धवन का ये महारिकॉर्ड



Source link