IND vs NZ ODI: बेंच पर ही कटेगी पूरी सीरीज! इन 2 खिलाड़ियों को प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल

IND vs NZ ODI: बेंच पर ही कटेगी पूरी सीरीज! इन 2 खिलाड़ियों को प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल


IND vs NZ ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का मंच तैयार है. इस सीरीज से ठीक पहले ऋषभ पंत चोटिल होकर बाहर हो चुके हैं. उनकी जगह ध्रुव जुरेल को लाया गया है. भले ही जुरेल को टीम इंडिया में एंट्री मिल गई, लेकिन लगता है कि पूरी सीरीज वो बेंच पर ही रहेंगे. सिर्फ जुरेल नहीं, एक और ऐसा खिलाड़ी है, जो स्क्वाड में शामिल है और उसे भी प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल है. हम ऐसा यूं ही नहीं कह रहे. इसके पीछे एक खास वजह है. ये वजह है टीम का कॉम्बिनेशन. ध्रुव जुरेल और जायसवाल जो रोल निभाते हैं, उसके लिए टीम के पास पहले से ही खिलाड़ी मौजूद हैं. आइए जानते हैं कैसे…

1. यशस्वी जायसवाल 

सबसे पहले बात करते हैं यशस्वी जायसवाल की, जो बाएं हाथ के ओपनर हैं. इस खिलाड़ी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुई आखिरी वनडे सीरीज के आखिरी मैच में शतक भी लगाया था. यह उनके वनडे करियर की पहली सेंचुरी थी. इसके बाद भी जायसवाल को प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल लग रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि शुभमन गिल चोट से वापस होकर टीम में लौट आए हैं.

शुभमन गिल, रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते दिखेंगे. गिल कप्तान हैं, इसलिए उनका खेलना तय है, जबकि रोहित के बाहर रहने का तो सवाल ही नहीं उठता. ऐसे में जायसवाल को झटका लगना तय है. जब तक गिल-रोहित हैं, तब तक जायसवाल को बेंच पर ही वक्त बिताना पड़ सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source


2. ध्रुव जुरेल 

अब बात कर लेते हैं ध्रुव जुरेल की, जिन्हें चोटिल ऋषभ पंत की जगह टीम इंडिया में अचानक एंट्री मिली है. भले ही जुरेल विजय हजारे ट्रॉफी में बल्ले से कमाल करके आए हों, लेकिन उन्हें भारत की प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल है. इसकी वजह हैं केएल राहुल. जी हां, राहुल पिछले कुछ समय से वनडे में विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे हैं. वो वनडे विश्व कप 2023 से ही इस रोल को बखूबी निभाते आए हैं.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी वनडे सीरीज में भी राहुल ने कमाल किया था. इसलिए विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर पहली पसंद राहुल ही हैं. हालांकि जुरेल बतौर बल्लेबाज भी प्लेइंग 11 में शामिल हो सकते थे, लेकिन विराट कोहली और श्रेयस अय्यर की मौजूदगी के चलते उनकी जगह नहीं बनती.

इन खिलाड़ियों के साथ पहले वनडे में उतर सकता है भारत

प्लेइंग 11 की बात करें तो टीम इंडिया पहले मैच में शुभमन गिल-रोहित शर्मा की जोड़ी के साथ उतरेगी. तीसरे नंबर पर विराट कोहली, नंबर 4 पर श्रेयस अय्यर और नंबर 5 पर केएल राहुल दिखेंगे. नंबर 6 पर या तो रवींद्र जडेजा दिख सकते हैं या फिर वाशिंगटन सुंदर खेलेंगे. इन दोनों में से कोई एक ही खिलाड़ी प्लेइंग 11 में रहा तो फिर नीतीश कुमार रेड्डी का जलवा दिखेगा, जो तेज गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में विस्फोटक बैटिंग भी कर सकते हैं. वहीं स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव का खेलना लगभग तय है. तेज गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज दिख सकते हैं.

भारत की अपडेटेड ODI टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने का मौका…83 रन बनाते ही तोड़ देंगे शिखर धवन का ये महारिकॉर्ड



Source link