एक वनडे इंटरनेशनल मैच में एक बार छक्कों का ऐसा तूफान आया कि क्रिकेट फैंस के भी होश उड़कर रह गए. इस ODI मैच में बल्लेबाजों ने छक्कों की जमकर बारिश की और गेंदबाजों को महज दर्शक बनाकर रख दिया. इस वनडे इंटरनेशनल मैच में कुल 46 छक्के लगे, जिसकी वजह से यह मुकाबला इतिहास में दर्ज हो गया. आपको बता दें कि यह ODI इतिहास का एक ऐसा इकलौता मैच रहा, जिसमें सबसे ज्यादा 46 छक्के लगने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया.
इतिहास में दर्ज हुआ ये ODI मैच
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच 27 फरवरी 2019 को सेंट जॉर्ज में खेले गए एक वनडे इंटरनेशनल मैच में कुल 46 छक्के लगे थे. यह अब तक किसी भी एक ODI मैच में लगे सबसे ज्यादा छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है. वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच इस वनडे इंटरनेशनल मैच में कुल 807 रन बने, जिसमें 64 चौके और 46 छक्के लगे.
जोस बटलर ने सिर्फ 77 गेंदों पर 150 रन ठोके
इंग्लैंड के खिलाफ 27 फरवरी 2019 को इस ऐतिहासिक वनडे इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. इंग्लैंड ने इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 418 रन का स्कोर बोर्ड पर टांग दिया. जोस बटलर ने सिर्फ 77 गेंदों पर 150 रनों की पारी खेली. जोस बटलर ने 194.80 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए अपनी पारी में 13 चौके और 12 छक्के लगाए.
इंग्लैंड की पारी में कुल 34 चौके और 24 छक्के लगे
इसके अलावा इंग्लैंड के तत्कालीन कप्तान इयोन मॉर्गन ने 88 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली. इयोन मॉर्गन ने 117.04 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए अपनी पारी में 8 चौके और 6 छक्के लगाए. इंग्लैंड की पारी में कुल 34 चौके और 24 छक्के लगे. इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को जीत के लिए 50 ओवर में 419 रनों का टारगेट दिया था. अब बारी थी वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों की जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ जबरदस्त लड़ने लायक खेल दिखाया.
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने भी मचाया छक्कों का तूफान
इंग्लैंड के 419 रनों के लक्ष्य के जवाब में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने अच्छी फाइट दिखाई. वेस्टइंडीज की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 48 ओवर में 389 रन पर ऑल आउट हो गई. वेस्टइंडीज के लिए विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने 97 गेंदों पर 162 रनों की पारी खेली. क्रिस गेल ने 167.01 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए अपनी पारी में 11 चौके और 14 छक्के लगाए. वेस्टइंडीज की पारी में कुल 30 चौके और 22 छक्के लगे. इस वनडे इंटरनेशनल मैच में कुल 807 रन बने, जिसमें 64 चौके और 46 छक्के लगे.
