Who is Adithya Ashok: साल 2026 में टीम इंडिया अपने सफर की शुरुआत कर चुकी है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच वडोदरा में तीन मैचों की ODI सीरीज का पहला मुकाबला जारी है. भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को जगह नहीं मिली है. हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन ने अर्शदीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा पर भरोसा जताया है. वहीं, न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन में कई ऐसे नाम हैं, जिनके बारे में फैंस ज्यादा नहीं जानते हैं. इन्हीं में से एक हैं आदित्य अशोक.
भारत के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेल रहे आदित्य अशोक न्यूजीलैंड के उभरते हुए स्पिनर हैं. 23 साल के खिलाड़ी की तुलना अभी से कीवी के लिए खेल चुके ईश सोढ़ी से किया जा रहा है और युवा स्पिनर को उनका उत्तराधिकारी माना जा रहा है. ईश सोढ़ी की तरह आदित्य अशोक का भी भारत से स्पेशल कनेक्शन है.
आदित्य अशोक का भारत से कैसा कनेक्शन?
न्यूजीलैंड के लिए खेल रहे आदित्य अशोक का जन्म तमिलनाडु के वेल्लोर में हुआ था. जब वो सिर्फ 4 साल के थे तब उनका परिवार न्यूजीलैंड चला गया. इसके बाद उन्होंने 2023 में न्यूजीलैंड के लिए अपना पहला मैच खेला, जो दक्षिण अफ्रीका में आयोजित 2020 के अंडर-19 विश्व कप में टीम का प्रतिनिधित्व करने के तीन साल बाद हुआ.
रजनीकांत के दीवाने हैं आदित्य अशोक
न्यूजीलैंड की तरफ से खेलने के बावजूद आदित्य अशोक का दिल भारत के लिए धड़कता है. वो यहां के कल्चर को नहीं भूले हैं और उनका परिवार अभी भी वक्त निकालकर भारत का दौरा करता है. तमिलनाडु के वेल्लोर में जन्में आदित्य अशोक साउथ फिल्मों के सुपरस्टार एक्टर रजनीकांत के जबरा फैन हैं. उन्होंने अपने हाथ पर रजनीकांत का टैटू भी लगवाया है. एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि वो बचपन से रजनीकांत की फिल्मों को देखकर बड़े हुए हैं.
आदित्य अशोक का करियर
बता दें कि आदित्य अशोक भले ही भारत में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेल रहे हैं, लेकिन ये उनका डेब्यू नहीं है. 23 साल के स्पिनर ने न्यूजीलैंड के लिए अभी तक 2 वनडे और 1 T20I मैच खेला है और दोनों प्रारूपों में दो-दो विकेट ले चुके हैं.
तमिलनाडु से सिंगापूर और फिर न्यूजीलैंड का सफर
आदित्य अशोक के बारे में और अधिक जानकारी देते हुए न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी और वर्तमान में कमेंटेटर साइमन डूल ने जियोहॉटस्टार पर बताया कि चेन्नई का रहने वाला यह लड़का मूल रूप से तमिलनाडु का है, फिर उसके माता-पिता सिंगापुर चले गए और उसके बाद उन्होंने न्यूजीलैंड के एक अस्पताल में नौकरी पाई. आदित्य 4 साल की उम्र से ही न्यूजीलैंड में हैं. वो ईश सोढ़ी और एजाज पटेल जैसे भारतीय मूल के खिलाड़ियों के नक्शेकदम पर चलते हुए न्यूजीलैंड के लिए खेल रहे हैं.
IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जैकरी फाउल्क्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, आदित्य अशोक