New Zealand vs India 1st ODI: भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए मैच में एक समय पर भारत ने पूरी तरह से शिकंजा कस लिया था, लेकिन विराट कोहली के आउट होते ही पासा पलट गया. टीम इंडिया ने महज 8 रन पर तीन विकेट खो दिए. लगातार विकेट गिरने से भारतीय फैंस थोड़े टेंशन में थे, लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर ने इसी समय ऐसा मास्टर स्ट्रोक खेला, जिससे मैच एक बार फिर भारत में पाले में झुक गया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में जब तक विराट कोहली खेल रहे थे, तब तक न्यूजीलैंड की टीम भी सहमी हुई नजर आ रही थी. ऐसा लगा कि कोहली एक और ‘विराट’ शतक ठोकेंगे, लेकिन वो 93 रन बनाकर आउट हो गए और करोड़ों फैंस का दिल टूट गया. अभी फैंस इसी सदमे में थे कि तीन और बल्लेबाज पवेलियन लौट गए.
भारत ने 8 रन पर गंवा दिए 3 विकेट
जब विराट कोहली आउट हुए तब भारत का स्कोर 234 रन था. इसके बाद रवींद्र जडेजा (04 रन) और श्रेयस अय्यर (49 रन) बनाकर पवेलियन लौट गए. 234/3 से भारत का स्कोर 242/5 हो गया. महज 8 रन पर 3 बल्लेबाजों को खोने के बाद टीम इंडिया पर दबाव था. एक छोर पर केएल राहुल तो थे, लेकिन उन्हें सपोर्ट की जरूरत थी.
गंभीर का हर्षित राणा वाला प्लान हिट हुआ
हेड कोच गौतम गंभीर ने नंबर-7 पर हर्षित राणा को भेजकर बड़ा दांव खेला. उनके इस फैसले से सब हैरान थे, क्योंकि बेंच पर ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर बैठे हुए थे. हालांकि, गंभीर का हर्षित राणा वाला प्लान सुपरहिट साबित हुआ. उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर काउंटर अटैक कर भारत को जीत के करीब तो पहुंचाया ही, साथ ही केएल राहुल पर से दबाव को भी हल्का किया. नंबर-7 पर बैटिंग करने उतरे हर्षित राणा ने 23 गेंदों पर 29 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. बल्ले से कमाल दिखाने से पहले उन्होंने गेंद से भी अच्छा काम किया और दो विकेट चटकाए. भारत ने 49 ओवर में 301 रनों का पीछा कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई. केएल राहुल अंत तक डटे रहे और 29 रनों की अहम पारी खेली.
डेरेल मिचेल की पारी पर फिरा पानी
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड 300 रन खड़ा किया. शुरुआत में डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स के बीच 117 रनों की पार्टनरशिप हुई, लेकिन दोनों के आउट होते ही ब्लैक कैप्स की पारी बिखर गई. हालांकि, स्टार बल्लेबाज डेरेल मिचेल ने अनुभव दिखाते हुए 84 रनों की शानदार पारी खेली और न्यूजीलैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया. भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट चटकाए. कुलदीप यादव को एक सफलता मिली, जबकि लंबे समय बाद ODI में वापसी कर रहे रवींद्र जडेजा एक भी विकेट नहीं चटका सके.
ये भी पढ़ें: वापसी हो तो ऐसी… चीते से भी तेज निकले श्रेयस अय्यर, ‘रॉकेट थ्रो‘ से मचाई खलबली, हैरान रह गए कीवी कप्तान