IND vs NZ 1st ODI: भारत ने रविवार को वडोदरा में खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. इस मैच में टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा ने दो छक्के लगाते ही इतिहास रच दिया है और वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. रोहित शर्मा ने इस मैच में 29 गेंद पर 26 रन की पारी खेली. इस दौरान रोहित शर्मा ने 3 चौके और 2 छक्के उड़ाए.
रोहित शर्मा ने ODI में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले ओपनर का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. रोहित शर्मा ने बतौर वनडे ओपनर 329 छक्के जड़ दिए हैं. इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पछाड़ दिया है. क्रिस गेल ने वनडे ओपनर के तौर पर अपने करियर में 328 छक्के लगाए थे. अब ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने उनसे आगे निकलकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है.
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्के
1. रोहित शर्मा- 329 छक्के
2. क्रिस गेल- 328 छक्के
3. सनथ जयसूर्या – 263 छक्के
4. मार्टिन गुप्टिल- 174 छक्के
विराट कोहली ने भी रचा इतिहास
विराट कोहली ने श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा को पछाड़ दिया. विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर आ गए हैं. विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI मैच में 91 गेंदों का सामना करते हुए 1 छक्के और 8 चौकों के साथ 93 रन की पारी खेली. इसी के साथ कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 28,068 रन बना लिए हैं. वहीं, कुमार संगकारा ने अपने इंटरनेशनल करियर में 46.77 की औसत से 28,016 रन बनाए थे. इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर टॉप पर हैं, जिन्होंने 664 मुकाबलों में 48.25 की औसत से 34,357 रन बनाए.
सबसे तेज 28,000 इंटरनेशनल रन
इस पारी के साथ कोहली 28,000 इंटरनेशनल रन पूरे करने वाले सबसे तेज क्रिकेटर बन गए हैं. कोहली ने 623 पारियों में यह कारनामा किया, जबकि तेंदुलकर को यहां तक पहुंचने के लिए 644 पारियों की जरूरत पड़ी थी. मुकाबले की बात करें, तो न्यूजीलैंड ने 8 विकेट खोकर 300 रन बनाए. मेहमान टीम के लिए डेवोन कॉनवे ने सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि हेनरी निकोल्स ने 62 रन जुटाए. इनके अलावा, डेरिल मिशेल ने 84 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इसके जवाब में भारत ने 49 ओवरों में 4 विकेट बाकी रहते जीत दर्ज कर ली. टीम इंडिया के लिए विराट कोहली ने सर्वाधिक 93 रन बनाए, जबकि शुभमन गिल ने 56 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.