Top Five Most Expensive Over in WPL: भारत में इन दिनों विमेंस प्रीमियर लीग 2026 की धूम है. यह इस लीग का चौथा सीजन है, जिसमें बहुत कुछ बदला हुआ नजर आ रहा है. इस सीजन रनों की बारिश हो रही है. अब तक 4 मैच खेले गए हैं और इन सभी मुकाबलों में 200 प्लस स्कोर देखने को मिले हैं. मतलब साफ है कि गेंदबाजों की जमकर पिटाई हो रही है. आप बॉलर्स की हालत का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि 11 जनवरी को एक गेंदबाज ने 6 गेंदों में 32 रन लुटा दिए. उनके नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया. ये कोई और नहीं बल्कि दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाली स्नेह राणा हैं, जिनके नाम WPL इतिहास का सबसे महंगा ओवर डालने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है.
11 जनवरी को लीग के चौथे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स की टीमें आमने-सामने थीं. यह मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स ने 20 ओवर में 209 रन कूट दिए, जो WPL इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है. खास बात यह रही कि लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम भी 205 रनों तक पहुंच गई. दिल्ली जीत के बेहद करीब थी, लेकिन आखिरी ओवर में मैच का रुख पलट गया. टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में 7 रन चाहिए थे, लेकिन सोफी डिवाइन ने सिर्फ 2 रन देकर गुजरात जायंट्स को मैच जिता दिया.
डिवाइन ने स्नेह राणा के खिलाफ कूटे 32 रन
इस मुकाबले में गुजरात जायंट्स की जीत की हीरो रहीं सोफी डिवाइन ने 42 गेंदों पर 7 चौके और 8 छक्कों की मदद से 95 रन बनाए. वह महज 5 रन से अपने शतक से चूक गईं. इस पारी में उन्होंने सभी गेंदबाजों की जमकर खबर ली, लेकिन सबसे ज्यादा पिटाई स्नेह राणा की हुई, जिन्होंने सिर्फ एक ओवर में 32 रन लुटा दिए. इसके बाद उन्हें दूसरा ओवर नहीं दिया गया.
2 चौके और 4 छक्के खाए
स्नेह राणा दिल्ली कैपिटल्स के लिए पारी का छठा ओवर लेकर आई थीं. इस ओवर में घातक ओपनर सोफी डिवाइन ने पहली दो गेंदों पर दो चौके लगाए और इसके बाद अगली चार गेंदों पर लगातार चार छक्के जड़ दिए. इस तरह ओवर का क्रम रहा – 4, 4, 6, 6, 6, 6, जिसमें कुल 32 रन बने. इसके साथ ही स्नेह राणा WPL इतिहास में सबसे महंगा ओवर डालने वाली गेंदबाज बन गईं.
WPL के इतिहास में सबसे महंगा ओवर फेंकने वाली 5 बॉलर
स्नेह राणा (दिल्ली कैपिटल्स)- 2026 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ 32 रन
दीप्ति शर्मा (यूपी वॉरियर्स)- 2025 में आरसीबी के खिलाफ 28 रन
तनुजा कंवर (गुजरात जायंट्स)- 2023 में आरसीबी के खिलाफ 27 रन
सोफी एक्लेस्टोन (यूपी वॉरियर्स)- 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 24 रन
हरलीन देओल (गुजरात जायंट्स)- 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 22 रन
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 1st ODI: हर्षित राणा का बड़ा धमाका, एक झटके में तोड़ दिया बुमराह का खास रिकॉर्ड, इरफान पठान भी पीछे छूटे