IND vs NZ: हर्षित राणा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे इंटरनेशनल मैच के दौरान रविवार को नंबर-7 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग से हर किसी को हैरान कर दिया. हर्षित राणा ने 126.09 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 2 चौके और 1 छक्का लगाया. न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने पहले वनडे मैच को 4 विकेट से जीता. भारत की जीत में हर्षित राणा ने गेंद और बल्ले से अहम भूमिका निभाई. हर्षित राणा ने इस मैच में 10 ओवर में 65 देकर 2 विकेट झटके थे.
इस गेंदबाज को ऑलराउंडर बना रही टीम मैनेजमेंट
मैच के बाद हर्षित राणा ने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने को कहा है ताकि जरूरत पर कुछ रन बना सकें. हर्षित राणा ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘भारतीय टीम मैनेजमेंट उन्हें वनडे में एक भरोसेमंद ऑलराउंडर के रूप में तैयार कर रहा है. गेंद से विकेट निकालने के साथ ही निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए रन बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है. रोल की स्पष्टता और सीनियर खिलाड़ियों के भरोसे ने उनके आत्मविश्वास को काफी बढ़ाया है. जब उन्हें बल्लेबाजी के लिए भेजा गया, तो टीम के साथियों से मिला भरोसा उनके लिए सबसे बड़ा सहारा साबित हुआ.’
बल्लेबाजी पर फोकस कर रहे हर्षित राणा
हर्षित राणा ने कहा, ‘टीम मैनेजमेंट मुझे एक ऑलराउंडर के तौर पर तैयार करना चाहता है और मेरा काम है कि मैं लगातार उस पर मेहनत करता रहूं. मैं नेट्स में बल्लेबाजी पर भी काफी काम कर रहा हूं. टीम की योजना मुझे नंबर आठ के आसपास बल्लेबाजी कराने की है.’ बता दें कि न्यूजीलैंड के दिए 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 77 रन की मजबूत साझेदारी की बदौलत मजबूत दिख रही थी, लेकिन विराट, जडेजा और अय्यर का विकेट जल्दी गिरने के बाद भारत पर दबाव आया.
हर्षित राणा को नंबर सात पर भेजा गया
रवींद्र जडेजा के आउट होने के बाद वॉशिंगटन सुंदर के होने के बावजूद हर्षित राणा को नंबर सात पर भेजा गया. वॉशिंगटन सुंदर को लगी चोट की वजह से बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया गया था. हर्षित राणा ने 23 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए. इस पारी की बदौलत भारत की जीत की राह आसान हुई. हर्षित राणा ने डोवोन कोनवे और हेनरी निकोलस के दो अहम विकेट भी लिए थे. भारत ने 49 ओवर में 6 विकेट पर 306 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया. राहुल 29 और सुंदर 7 रन बनाकर नाबाद रहे. 93 रन बनाने वाले कोहली प्लेयर ऑफ द मैच रहे.