मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने नरेगा के नाम पर देशभर में झूठ फैलाने का अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए योजनाओं और महापुरुषों के नाम का दुरुपयोग किया है।
.
मुख्यमंत्री यह बात भाजपा कार्यालय में आयोजित VB–G रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जिला टोली के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यशाला में सीएम डॉ मोहन यादव और बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा।
नरेगा के नाम पर भ्रम फैलाया
सीएम ने कहा कि ग्रामीण रोजगार के नाम पर शुरू की गई योजना को चुनाव आते ही कांग्रेस ने महात्मा गांधी से जोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है कि सत्ता और वोट के लिए महात्मा गांधी के नाम का राजनीतिक उपयोग किया जाता है।
सीएम ने कहा, “नरेगा को महात्मा गांधी के नाम से जोड़कर कांग्रेस ने देश में झूठ बोलने का अभियान चलाया। यह सच्चाई से कोसों दूर है और इसका जवाब जनता समय-समय पर देती रही है।”
‘नकली गांधी’ और राम पर सवाल
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, “एक तो नकली गांधी बनकर राजनीति करो और ऊपर से भगवान राम को न मानो- फिर कहते हो लोकतंत्र चले। ये कैसे चलेगा?”
उन्होंने कहा कि जब भगवान राम से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में चला, तब कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े किए। सीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मुस्लिम पक्षकारों ने भी स्वीकार किया और भूमिपूजन में शामिल हुए, लेकिन कांग्रेस के नेता उस ऐतिहासिक क्षण से दूर रहे।

कार्यशाला में मौजूद बीजेपी पदाधिकारी
VB–G रामजी अभियान का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि VB–G रामजी जनजागरण अभियान का उद्देश्य ग्रामोदय से अभ्युदय की सोच को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान गांव, किसान, संस्कृति और मूल्यों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगा।
सीएम ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की “झूठ और भ्रम की राजनीति” को बेनकाब करें और सरकार के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं।
किसानों का वर्ष, गांवों पर फोकस
सीएम ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और सरकार की प्राथमिकता गांव, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ‘जय राम जी’ के मंत्र के साथ यह अभियान सामाजिक एकता और विकास की दिशा में नया अध्याय लिखेगा।