नर्मदापुरम में स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क का वितरण हुआ।
पीएम श्री नर्मदा कॉलेज के डोम में सोमवार को स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह और राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने शासकीय स्कूलों की प्राइमरी कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियो
.
आईआईटी कानपुर ने किया है विशेष बैग का डिजाइन
इन स्पेशल स्कूल बैग्स को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और बेहतर पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए आईआईटी कानपुर द्वारा डिजाइन किया गया है। बैग में लगी फोल्डिंग डेस्क के जरिए बच्चे बिना झुके आसानी से पढ़ाई और लेखन कर सकेंगे।
राज्यसभा सांसद की पहल, सीएसआर से तैयार हुए बैग
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया की पहल पर नर्मदापुरम जिले के 28 शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए ये बैग तैयार कराए गए हैं। अवध फाउंडेशन द्वारा गेल कंपनी की सीएसआर राशि से इनका निर्माण कराया गया।
स्कूल बैग पाकर स्कूली विद्यार्थी खुश नजर आएं।
सरकारी स्कूल के अनुभव से उपजी सोच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि उन्होंने स्वयं सरकारी स्कूल से पढ़ाई की है और शिक्षिका भी रही हैं। आज भी शासकीय स्कूलों में कई विद्यार्थी जमीन पर बैठकर झुककर पढ़ाई करते हैं, जिससे उनकी रीढ़ और आंखों पर बुरा असर पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए कुछ विशेष करने का विचार आया।
झुककर पढ़ने से मिलेगी राहत
अवध फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं नीति सलाहकार अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि यह बैग “बैठोगे सही तो लिखोगे सही” की अवधारणा पर तैयार किया गया है। बैग में लगी डेस्क 40 किलो तक वजन सहन कर सकती है। यह बारिश में कॉपियों को सुरक्षित रखेगा और विद्यार्थी इसे आसानी से कहीं भी ले जा सकेंगे। बैग को तीन साल तक उपयोग में लाया जा सकता है।
शिक्षा मंत्री बोले— पढ़ाई के लिए माहौल जरूरी
मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह एक सराहनीय पहल है। सीएसआर फंड का ऐसा उपयोग विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत करेगा। अच्छा पढ़ने के लिए अच्छा वातावरण जरूरी है और यह बैग विद एजुकेशन डेस्क बच्चों को मन लगाकर पढ़ने में मदद करेगा।

विद्यार्थियों की खुशी छलकी
कक्षा पांचवीं की छात्रा वानिकी ने कहा कि यह बैग बहुत अच्छा है और इसे डेस्क बनाकर पढ़ाई में इस्तेमाल करेंगे। वहीं छात्र ऋषि मेहरा ने बताया कि अब पढ़ते-लिखते समय उन्हें झुकना नहीं पड़ेगा और वे इसे आसानी से घर भी ले जा सकेंगे।
ये रहे मंचासीन अतिथि
कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह राजपूत, विधायक प्रेम शंकर वर्मा, कलेक्टर सोनिया मीना, एसपी साईं कृष्णा थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



