Bangladesh Cricket Mustafizur Rahman: बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजूर रहमान को लेकर विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा. बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के बाद उन्हें आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम से बाहर कर दिया गया. इसके बाद मामला और ज्यादा आगे बढ़ गया. वहां की सरकार ने अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी. यहां तक कि बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने की मांग कर डाली. हालांकि, आईसीसी ने इससे इनकार कर दिया तो उसने दूसरा लेटर लिखा है. इस पर क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कोई जवाब नहीं दिया है.
रिपोर्टर पर भड़के नबी
मुस्तफिजूर रहमान को लेकर सवाल अब बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) में अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी से पूछ दिया गया. यह सुनते ही उन्हें गुस्सा आ गया. नबी विवाद के बारे में पूछे जाने पर मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक बांग्लादेशी रिपोर्टर पर भड़क गए. यह घटना बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) में नोआखली एक्सप्रेस और ढाका कैपिटल्स के बीच मैच के बाद हुई. नबी अपने 19 साल के बेटे हसन ईसाखिल के साथ नोआखली का प्रतिनिधित्व करते हैं.
नबी ने गुस्से में क्या कहा?
अनुभवी अफगान ऑलराउंडर तब साफ तौर पर चिढ़े हुए दिखे जब रिपोर्टर ने मुस्तफिजूर के आईपीएल विवाद पर उनकी राय पूछी. यह एक ऐसा मामला है जिसका नबी से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने तेज प्रतिक्रिया देते हुए खुद को इस मुद्दे से दूर कर लिया और साफ कर दिया कि वह किसी भी राजनीतिक चर्चा में हिस्सा नहीं लेना चाहते. नबी ने कहा, ”भाई, इसका मुझसे क्या लेना-देना है? मुस्तफिजूर से मेरा क्या काम है? पॉलिटिक्स में मेरा क्या काम है? मुझे पता है कि वह एक अच्छा बॉलर है, ये सब बातें, लेकिन जिस तरह से आप सवाल पूछ रहे हैं, उसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है.”
Respect for Nabi & Afghanistan +9999
Afghan cricketer Md. Nabi, who is currently playing in the Bangladesh Premier League (BPL), was asked about Mustafizur Rahman being released from the IPL.
Nabi got angry and refused to comment on the matter.— Jara (@JARA_Memer) January 12, 2026
बांग्लादेश की मांग पर अब तक सुनवाई नहीं
खास बात यह है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आईसीसी को दूसरा ऑफिशियल लेटर भेजा है, जिसमें आने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत जाने पर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है. बोर्ड ने बांग्लादेश के मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने की अपनी मांग दोहराई है. टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होने वाला है, जिसमें बांग्लादेश को भारत में चार मैच खेलने हैं. अब तक आईसीसी ने कोई ऑफिशियल जवाब नहीं दिया है और इस मामले पर चुप्पी साधते हुए और ज्यादा जानकारी मांगी है.
7 फरवरी को बांग्लादेश का पहला मैच
अनिश्चितता के बावजूद बांग्लादेश ने रविवार को अपनी टी20 वर्ल्ड कप टीम की घोषणा की. उसने लिटन दास को कप्तान और सैफ हसन को उप-कप्तान बनाया है. बांग्लादेश 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रुप सी में अपना पहला मैच खेलेगा. वह इंग्लैंड, इटली और नेपाल के साथ एक ही ग्रुप में हैं.