RCB W vs UPW W: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) के 5वें मुकाबले में रोमांच चरम पर नजर आया. पूरे मुकाबले में आरसीबी का दबदबा रहा. पहले गेंदबाजी में आरसीबी ने यूपी की धज्जियां उड़ाईं और फिर टीम की 75 लाख की बल्लेबाज ने बल्ले से हाहाकार मचा डाला. इस खिलाड़ी ने अकेले दम पर टीम को जीत दिला दी. यूपी के गेंदबाज आरसीबी की तूफानी बैटिंग के सामने विकेट की भीख मांगते नजर आए. एक छोर से स्मृति मंधाना ने भी सूझ-बूझ भरी बैटिंग की. आरसीबी ने मुकाबले को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से अपने नाम किया.
मंधाना ने जीता था टॉस
मुकाबले में मंधाना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. जवाब में यूपी की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई. 50 रन के स्कोर पर ही यूपी ने अपने 5 बल्लेबाजों को खो दिया था. इसके बाद डेंड्रा डॉटिन और दीप्ति शर्मा ने मैच में जान डाली और टीम के स्कोर को 143 तक पहुंचा दिया. दीप्ति ने 45 जबकि डॉटिन ने 40 रन की पारी खेली. आरसीबी की तरफ से डी क्लर्क और श्रेयंका पाटिल ने 2-2 विकेट अपने नाम किए जबकि 1 विकेट लौरा बेल के खाते आया.
ग्रेस हैरिस की तूफानी बैटिंग
144 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की ओपनर ग्रेस हैरिस ने तूफानी शुरुआत कर यूपी के गेंदबाजों को बैकफुट पर ढकेल दिया. उन्होंने महज 22 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 40 बॉल में 85 रन की आतिशी पारी खेलकर अकेले जीत की इबारत लिख दी. हैरिस ने 5 छक्के और 10 चौके जमाए. वहीं, कप्तान स्मृति मंधाना के बल्ले से 47 रन की पारी निकली.
ये भी पढ़ें.. एक मैच से कोई सुपरस्टार… टीम इंडिया में आयुष बदोनी की एंट्री, गंभीर का बयान VIRAL
टॉप पर आरसीबी
यूपी की टीम को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है जबकि आरसीबी की यह लगातार दूसरी जीत है. 9 विकेट की बड़ी जीत के बाद आरसीबी की टीम टॉप पर पहुंच चुकी है. पहले मैच में आरसीबी ने मुंबई के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की थी.
अपडेट जारी है..