Last Updated:
Shreyas Iyer defend virat kohli: श्रेयस अय्यर ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की है. अय्यर का कहना है कि कोहली अपने बल्ले से जवाब देते हैं. विराट ने वडोदरा वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में शानदार 93 रन की पारी खेली थी. जिसके बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया. इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट का यह 71वां अवॉर्ड था. कोहली सबसे तेज 28000 इंटरनेशनल रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं.
नई दिल्ली. श्रेयस अय्यर और विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे मैच में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. कोहली ने 93 रन की पारी खेली वहीं श्रेयस एक रन से अपना अर्धशतक चूक गए. श्रेयस ने विराट की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि कोहली का बल्ला हमेशा से जवाब देता आया है. विराट ने 91 गेंदों पर 93 रन बनाए, जिससे भारत ने 301 रन का टारगेट चार विकेट से हासिल कर लिया.
विराट कोहली (Virat Kohli) ने वडोदरा वनडे में अपनी शानदार पारी के दौरान सबसे तेज 28000 इंटरनेशनल रन भी पूरे कर लिए. उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के बाद सबसे ज्यादा रन भी हो गए हैं. श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने बीसीसीआई के वीडियो में कहा, ‘उनकी पारी के बारे में जितना बोलो, कम है. हम इतने सालों से देख रहे हैं और वो लगातार ऐसा कर रहे हैं. जिस तरह वो स्ट्राइक रोटेट करते हैं और गेंदबाजों की धुनाई करते हैं, वो अपने बल्ले से ही जवाब देते हैं.’
श्रेयस अय्यर ने विराट कोहली की तारीफों पुल बांधे.
‘मुझे इसकी कमी महसूस हो रही थी’
चोट के बाद वापसी कर रहे टीम इंडिया के उप कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करना अच्छा लगा. टीम में काफी समय बाद लौटा हूं और बहुत अच्छा लग रहा है. सभी के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना शानदार अनुभव है. मुझे इसकी कमी महसूस हो रही थी और वापसी करके बहुत अच्छा लग रहा है.’
विराट ने संगकारा को पीछे छोड़ा
विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे और सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने यह मुकाम अपनी 624वीं पारी में हासिल किया. अपनी 93 रनों की पारी के दौरान विराट कोहली ने श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा (28,016 रन) को पीछे छोड़ दिया. अब वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. अब केवल सचिन तेंदुलकर (34,357 रन) उनसे आगे हैं.
कोहली ने गांगुली को पछाड़ा
वडोदरा वनडे विराट कोहली का 309वां वनडे मैच था. इसके साथ ही उन्होंने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (308 मैच) को पीछे छोड़ दिया है. अब वे भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे खेलने वाले खिलाड़ियों की टॉप-5 लिस्ट में शामिल हो गए हैं.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें