टीकमगढ़ के जतारा थाना क्षेत्र के अब्दा बम्होरी गांव में एक युवक का शव सड़क किनारे मिला है। मंगलवार सुबह बस्ती से थोड़ी दूर मिले शव के पास एक अवैध कट्टा और बीयर की बोतल भी पड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
.
मृतक की पहचान अब्दा बम्होरी गांव निवासी 20 वर्षीय जितेंद्र पिता कालू कुशवाहा के रूप में हुई है। परिजनों ने घटना की जानकारी जतारा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर जतारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर घटनास्थल की गहन छानबीन की गई।
इस दौरान मृतक के परिजनों ने जितेंद्र की हत्या की आशंका जताई है।
जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर शव के पास मिले कट्टा और बीयर की बोतल की जांच कराई गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है।
पुलिस परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास के खेत मालिकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जतारा अस्पताल भेजा गया है। मौत के सही कारणों का पता शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से ही चलेगा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच के निर्देश दिए हैं और गंभीरता से मामले की पड़ताल में जुटी है।