Indore News: इंदौर में क्रिकेट का क्रश अलग ही होता है. क्रिकेट प्रेमी 18 तारीख को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड मैच के लिए उत्साहित हैं. इंदौर स्टेडियम में खेले जाने वाला वनडे इसलिए भी खास हो जाता है, क्योंकि यहां हाई स्कोर वाले मैच होते हैं, जो दर्शकों के लिए पैसा वसूल बन जाते हैं. चीफ पिच क्यूरेटर मनोहर जामले ने बताया, होलकर स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच में पिच बनाने के लिए काली मिट्टी का इस्तेमाल किया जाएगा. पिच लगभग पूरी तरह से तैयार भी हो चुकी है, बस फाइनल टच दिया जा रहा है. इससे पहले भी होलकर स्टेडियम में कई वनडे मैच हो चुके हैं, जिसमें पिच बनाने में काली मिट्टी का इस्तेमाल किया गया था.
बॉलरों को मिलता एडवांटेज
भारत में दो तरह की मिट्टी का पिच बनाने के लिए इस्तेमाल होता है. एक लाल मिट्टी और दूसरी काली मिट्टी. मुंबई समेत देश के कई स्टेडियम में लाल मिट्टी का इस्तेमाल होता है, जबकि इंदौर में ब्लैक कॉटन सॉयल का ही इस्तेमाल किया जा रहा है, जो मालवा की अपनी मिट्टी है. अब तक हुए मैच में इसने काफी अच्छा परफॉर्मेंस दिया है. दरअसल, लाल मिट्टी पर जब मैच खेले जाते हैं तो वह थोड़ा खुल जाती है, क्योंकि उसकी वॉटर होल्डिंग कैपेसिटी कम होती है, जबकि काली मिट्टी की बाइंडिंग कैपेसिटी काफी अच्छी होती है. वह बिखरती नहीं, जिससे बॉलर को एक्स्ट्रा एडवांटेज नहीं मिलता.
बाद में बैटिंग के फायदे
मनोहर साबले के मुताबिक, क्योंकि यह ठंड का समय है तो काफी ओस भी रहती है. ऐसे में जो भी टीम बाद में बॉलिंग करेगी, थोड़ी-थोड़ी ड्यू मैदान में रहेगी, इसलिए उनको समस्या आ सकती है. जबकि जो टीम बाद में बैटिंग करने उतरेगी, उसको एडवांटेज मिल सकता है. क्योंकि, ओस की वजह से मिट्टी बॉल को थोड़ा होल्ड करती है और ऐसे में बॉल बैट पर काफी अच्छे से आती है, जिससे बैटिंग करने में आसानी होती है.
तब बने थे 399 रन
इंदौर स्टेडियम ‘रन मशीन’ भी कहा जाता है, जहां पर वनडे मैच में इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया में 399 रन का स्कोर भी खड़ा किया जा चुका है. क्योंकि, यहां बाउंड्री छोटी है तो छक्के और चौकों की बारिश भी देखने को मिलेगी. उम्मीद जताई जा रही कि इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले 18 जनवरी के मैच में भी अच्छा स्कोर खड़ा होगा.
शर्मा-कोहली की जोड़ी खेलेगी
इस बार टिकट के लिए सिस्टम पूरी तरह ऑनलाइन रखा गया था. बुकिंग ओपन होते ही कुछ ही घंटों में स्टेडियम फुल हो गया था. मैच देखने आने वाले दर्शकों को अपने साथ ओरिजिनल फोटो आईडी प्रूफ लाना होगा. इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली एक साथ खेलने वाले हैं, जिसको लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.