उज्जैन में व्यवसायी ने 11 बच्चों को कराई हवाई सैर: जन्मदिन पर हेलिकॉप्टर में उड़ान भरकर पूरा किया सपना – Ujjain News

उज्जैन में व्यवसायी ने 11 बच्चों को कराई हवाई सैर:  जन्मदिन पर हेलिकॉप्टर में उड़ान भरकर पूरा किया सपना – Ujjain News



उज्जैन में एक ट्रेवल्स व्यवसायी ने अपने जन्मदिन पर श्रमिक बस्ती के 11 बच्चों को हेलिकॉप्टर की हवाई सैर कराकर उनका सपना पूरा किया।

.

यह अनोखी पहल 11 जनवरी को व्यवसायी राजेश सिंह भदौरिया ‘बंटी’ ने की, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी छा गई।

राजेश सिंह भदौरिया ‘बाबा बाल हनुमान ट्रेवल्स’ के मालिक हैं। इन्होंने इस्कॉन मंदिर के पीछे स्थित श्रमिक बस्ती के बच्चों को न केवल कपड़े और मिठाइयां दीं, बल्कि उन्हें आसमान में उड़ने का अनुभव भी कराया। यह बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय पल बन गया।

मध्य प्रदेश सरकार की हेली सेवा के तहत उपलब्ध हेलिकॉप्टर से इन 11 बच्चों को दो चरणों में उज्जैन शहर की हवाई सैर करवाई गई। हेलिकॉप्टर ने जैसे ही उड़ान भरी, बच्चों की आंखों में उत्साह और विश्वास साफ झलक रहा था। ऊपर से शहर, मंदिर और सड़कों को देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

इस पहल के पीछे की भावना साझा करते हुए बंटी भदौरिया ने बताया कि वे अक्सर इस्कॉन मंदिर जाते समय बस्ती के बच्चों को नागझिरी पुलिस लाइन से उड़ने वाले हेलिकॉप्टर को देखकर तालियां बजाते और उसे निहारते देखते थे। उसी दृश्य ने उन्हें प्रेरित किया कि वे इन बच्चों को सिर्फ आसमान देखने नहीं, बल्कि उसमें उड़ने का अहसास भी दिलाएं।

भदौरिया ने कहा कि बच्चों के चेहरे की वो मुस्कान और उनकी चमकती आंखें मेरे लिए सबसे बड़ा केक और सबसे बड़ी शुभकामना थी। उस दिन मुझे लगा कि मेरा जन्मदिन सच में सार्थक हुआ।



Source link