खिलचीपुर में पानी को जांचा, 8 जलस्रोतों से लिए सैंपल: नगर परिषद की कार्रवाई: सभी जलस्रोतों का पानी पीने योग्य पाया गया – rajgarh (MP) News

खिलचीपुर में पानी को जांचा, 8 जलस्रोतों से लिए सैंपल:  नगर परिषद की कार्रवाई: सभी जलस्रोतों का पानी पीने योग्य पाया गया – rajgarh (MP) News




राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देश पर बुधवार को नगर परिषद द्वारा जल गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर के 8 प्रमुख जलस्रोतों से पानी के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की गई। अभियान के तहत खंडी बावड़ी स्थित ओवरहेड टैंक (ओएचटी), वार्ड क्रमांक 1, 3 और 4 के दो-दो ट्यूबवेल तथा वार्ड क्रमांक 9 के एक ट्यूबवेल से पानी के सैंपल एकत्र किए गए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी अंकिता जैन मौके पर मौजूद रहीं। उन्होंने नगर की जलप्रदाय व्यवस्था का अवलोकन किया और फिल्टर प्लांट पहुंचकर जल शोधन प्रक्रिया की समीक्षा की। जांच रिपोर्ट में सभी जलस्रोतों का पानी पीने योग्य पाया गया। पानी का पीएच स्तर 7.5 दर्ज किया गया, जो निर्धारित मानकों के भीतर है। टंकियों की नियमित सफाई रखें नगर परिषद द्वारा फिल्टर प्लांट एवं जल टंकियों की नियमित सफाई और रखरखाव से संबंधित आवश्यक कार्रवाई भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी नियमित अंतराल पर जल गुणवत्ता की जांच जारी रखी जाएगी, ताकि गर्मी के मौसम और संभावित जल संकट के दौरान भी नागरिकों को सुरक्षित पेयजल मिल सके। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में जल की गुणवत्ता या आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या हो, तो तत्काल नगर परिषद को सूचना दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



Source link