U19 World Cup 2026: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो चुका है. पांच बार की चैंपियन टीम इंडिया अपने सफर की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ मुकाबले से कर रही है. करोड़ों भारतीय फैंस की नजर ‘बिहार के लाल’ वैभव सूर्यवंशी पर टिकी है. 14 साल ये युवा सनसनी U19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मैच में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. वो इतिहास रचने से महज 6 रन दूर हैं.
आईपीएल 2025 में डेब्यू करने के बाद से वैभव सूर्यवंशी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा है. उनके हौसले की उड़ान में जो पंख लगी है, वो रुकने का नाम नहीं ले रही है. चाहे ऑस्ट्रेलिया हो, इंग्लैंड या साउथ अफ्रीका… राजस्थान रॉयल्स के लाडले को जहां भी मौका मिला, उन्होंने खुद को साबित किया है और लगातार बता रहे हैं कि उनकी उम्र भले ही 14 साल है, लेकिन सोच और सपना बहुत बड़ा, जिसकी तरफ वो तेजी से बढ़ रहे हैं.
वैभव सूर्यवंशी तोड़ देंगे कोहली का ‘विराट’ रिकॉर्ड
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में वैभव सूर्यवंशी स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 6 रन दूर हैं. अंडर-19 युवा वनडे में विराट कोहली के नाम 978 रन दर्ज हैं. वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने अब तक यूथ ODI में 973 रन बना लिए हैं. सबसे हैरान करने वाली बात तो ये है कि कोहली ने 978 रन बनाने के लिए 25 पारियां ली थी, लेकिन 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 18 पारियों में 973 रन बना दिए हैं. विराट कोहली से आगे निकलने के लिए उन्हें 6 रन की आवश्यकता है.
यूथ वनडे में भारत के लिए सर्वाधिक रन
विजय जोल- 1404 रन
यशस्वी जयसवाल- 1386 रन
तन्मय श्रीवास्तव- 1316 रन
शुभमन गिल/उन्मुक्त चंद- 1149 रन
सरफराज खान- 1080 रन
विराट कोहली- 978 रन
वैभव सूर्यवंशी- 973 रन
वैभव सूर्यवंशी का करियर
बता दें कि बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज ने अब तक यूथ ODI में सनसनी मचाते हुए तीन शतक और चार अर्धशतक जड़े हैं और उनका औसत 54 से अधिक है. वह युवा वनडे में 1000 रन बनाने से सिर्फ 27 रन दूर हैं, जिससे वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ियों के एक छोटे समूह में शामिल हो जाएंगे.
अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारत का स्क्वॉड
भारतीय U19 क्रिकेट टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान ए. पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन
ये भी पढ़ें: मारना मत प्लीज… फिर मैदान में घुसा विराट कोहली का जबरा फैन, स्टार खिलाड़ी की इस अदा ने जीता दिल, VIDEO वायरल