नर्मदापुरम के प्राचीन सेठानी घाट पर बुधवार रात करीब 11.30 बजे एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक थार गाड़ी घाट की सीढ़ियों पर पांच पायदान नीचे उतर आई। घटना का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने करीब 18 घंटे बाद वाहन चालक और गाड़ी को तलाश कर कोतवाली थाने लाया और मामले की जांच की। थार वाहन क्रमांक MP 04 YU 2563 के मालिक सोनू गुर्जर पिता मांगीलाल गुर्जर (28) निवासी महुआखेड़ा, तहसील श्यामपुर, जिला सीहोर ने पुलिस को बताया कि उन्हें आवली घाट में भंडारे में जाना था। बताया गया कि गूगल मैप पर रास्ता सर्च करते हुए वे गलती से सेठानी घाट पहुंच गए। मैप में नीचे जाने का रास्ता दिखने के कारण गाड़ी सीढ़ियों पर उतर गई। जैसे ही वाहन नीचे बढ़ा, चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए, जिससे गाड़ी और नीचे नहीं जा सकी। पांच सीढ़ी नीचे उतरने के बाद वापस निकाली गाड़ी
चालक के अनुसार गाड़ी करीब पांच सीढ़ी नीचे चली गई थी, लेकिन स्थिति संभालते हुए वाहन को वापस सीढ़ियां चढ़ाकर सड़क पर ले जाया गया। पूरी घटना किसी राहगीर द्वारा मोबाइल में कैद कर ली गई, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिस ने माफीनामा लेकर की कार्रवाई
वीडियो आने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों और सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की। कोतवाली थाना प्रभारी टीआई कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि थार में सवार सभी लोगों को थाने लाया गया। वाहन मालिक ने लिखित माफीनामा दिया और गलती स्वीकार की। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर समझाइश दी। बड़ा खतरा टला, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना ऐसे समय हुई जब मकर संक्रांति पर्व के चलते और नर्मदा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में घाट पर रहते हैं। कई परिक्रमावासी रात में सीढ़ियों पर ही विश्राम करते हैं। यदि उस समय घाट पर श्रद्धालु मौजूद होते और वाहन नियंत्रण से बाहर हो जाता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। इस घटना ने घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि घाट पर पुलिस ड्यूटी रहती है, लेकिन घटना के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की मौजूदगी नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
Source link