मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को बतौर सीएम पहली बार नर्मदापुरम के माखननगर आ रहे हैं। वे यहां आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के जरिए ‘लाड़ली बहना योजना’ की 32वीं किस्त के 1500 रुपए और गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी राशि ट्रांसफर करेंगे। सीएम दोपहर 1:55 बजे हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे और करीब 2 घंटे रुकेंगे। इस दौरान वे 1.37 करोड़ की लागत से बने नए रेस्ट हाउस का लोकार्पण करेंगे और रोड शो करते हुए सभा स्थल पहुंचेंगे। खातों में आएंगे 1836 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। इसके अलावा एलपीजी गैस कनेक्शनधारी, गैर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना और विशेष पिछड़ी जनजातीय बहनों (करीब 29 लाख हितग्राही) को सितंबर और अक्टूबर 2025 की गैस रिफिल सब्सिडी के 90 करोड़ रुपए भी ट्रांसफर किए जाएंगे। इसमें जिले की 51,000 हितग्राही शामिल हैं, जिन्हें 1.66 करोड़ रुपए मिलेंगे। रेस्ट हाउस की छत पर 10 बहनों के साथ उड़ाएंगे पतंग कार्यक्रम स्थल जाने से पहले सीएम 1.37 करोड़ रुपए की लागत से बने नए रेस्ट हाउस का लोकार्पण करेंगे। इसी रेस्ट हाउस की छत पर वे 10 लाड़ली बहनों के साथ पतंग उड़ाएंगे और कुछ महिलाओं के साथ लंच भी करेंगे। इसके बाद वे माखनलाल चतुर्वेदी प्रतिमा स्थल पहुंचकर माल्यार्पण करेंगे और 101 फीट ऊंचे तिरंगे का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह समेत सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। सुबह 9 बजे से ट्रैफिक डायवर्ट, हाईवे चालू रहेगा सुरक्षा के लिहाज से सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक माखननगर के कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। सीएम के रेस्ट हाउस से निकलने के 15 मिनट पहले नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर नसीराबाद रोड चौक से सुमित्रा पब्लिक स्कूल तक रास्ता बंद रखा जाएगा। चूंकि यह एक मात्र मुख्य रास्ता है, इसलिए बाकी समय हाईवे चालू रहेगा, लेकिन पुलिस वाहन रुकने नहीं देगी। पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम पिपरिया-सोहागपुर से आने वाले वाहनों के लिए सुमित्रा पब्लिक स्कूल, नर्मदापुरम की ओर से आने वालों के लिए अनाज मंडी और बागरा-तवा रोड से आने वालों के लिए मंगलदीप मैरिज गार्डन में पार्किंग रहेगी। सीएम की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए 450 पुलिस अधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है। कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। सीएम शाम 4 बजे भोपाल रवाना हो जाएंगे।
Source link