शिवपुरी में आसमान से वस्तु गिरने की अफवाह: जांच में LED लाइट लगा बैलून निकला, लड़ाकू विमानों की बात से बढ़ी थी दहशत – Shivpuri News

शिवपुरी में आसमान से वस्तु गिरने की अफवाह:  जांच में LED लाइट लगा बैलून निकला, लड़ाकू विमानों की बात से बढ़ी थी दहशत – Shivpuri News




शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी गांव में बुधवार रात करीब 9 बजे आसमान से किसी चमकीली वस्तु के गिरने की बात सामने आई। यह खबर तेजी से जिला मुख्यालय शिवपुरी से लेकर ग्वालियर तक पहुंची। हालांकि, मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम और पुलिस की जांच में यह पूरा मामला महज अफवाह निकला। ग्रामीणों ने बताया कि आकाश से रोशनी के साथ कोई वस्तु गिरी और उसमें से तेज धुआं निकल रहा था। कुछ लोगों ने इसे हवाई जहाज गिरने की घटना तक बता दिया। उसी समय आसमान में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों के गुजरने से इस अफवाह को और बल मिला, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। हवाई जहाज जैसा बैलून था
सूचना मिलते ही नरवर थाना प्रभारी विनय यादव पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। गहन तलाशी के दौरान उन्हें एक हवाई जहाज की आकृति जैसा बैलून मिला, जिसमें LED लाइटें लगी हुई थीं। पड़ताल में सामने आया कि इसी बैलून के उड़ने से लोगों को चमकीली वस्तु गिरने का भ्रम हुआ और अफवाह फैल गई। जानकारी जुटाने पर यह भी पता चला कि दो दिन पहले गांव के पास स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के पास एक मेला लगा था। मेले में इस तरह के LED बैलून बिक्री के लिए उपलब्ध थे। आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने मेले से यह बैलून खरीदकर उड़ाया होगा। इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी विनय यादव ने ग्रामीणों को ऐसी अफवाहें न फैलाने की समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी ने जानबूझकर अफवाह फैलाई होगी, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link