Last Updated:
Jabalpur News: जनरल और स्लीपर कोच में 2-2 कैमरे लगाए जा रहे हैं. ये टॉयलेट के पास लगाए जा रहे हैं जबकि एसी कोच में चार कैमरे लगाए जा रहे हैं, दो कैमरे टॉयलेट के पास और दो कैमरे कोच के बीच.
जबलपुर. अभी तक आपने स्टेशनों में कैमरे लगे हुए देखे होंगे लेकिन अब जल्द ही ट्रेन के कोच में भी कैमरे लगे हुए दिखाई देंगे. अब पश्चिम मध्य रेलवे की ट्रेनों के हर कोच कैमरों से लैस होंगे. जहां कोच में बैठे यात्री भी कैमरे की नजर से बच नहीं पाएंगे. यह कदम पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठाया है. इन कैमरों में 15 दिन की रिकॉर्डिंग सेव होगी. पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने लोकल 18 को बताया कि अपराधियों पर शिकंजा कसने को लेकर रेलवे ने कोच के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया है. इससे अनैतिक गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सकेगी और यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े नहीं होंगे. इसको लेकर ट्रेनों को कैमरे से लैस किया जा रहा है. पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा अब तक जबलपुर सहित कोटा और भोपाल से चलने वाली ट्रेनों के कोचों में 532 कैमरे लगाए जा चुके हैं.
उन्होंने आगे बताया कि जनरल और स्लीपर कोच में दो-दो कैमरे लगाए जा रहे हैं. ये टॉयलेट के पास लगाए जा रहे हैं जबकि AC कोच में चार कैमरे होंगे. दो कैमरे टॉयलेट के पास और दो कैमरे कोच के बीच सीटों के पास होंगे. इससे यात्रियों को कवर किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि अभी तक 114 कैमरे एलएचबी कोच, 118 कैमरे आईसीएफ कोच और 24 कैमरे वंदे भारत ट्रेन के कोचों में लग चुके हैं. वंदे भारत ट्रेन में कैमरे से लाइव निगरानी की जाएगी.
टीटीई से लेकर वेंडर्स पर भी नजर
ट्रेनों में कैमरे लगने के बाद टीटीई से लेकर अवैध वेंडर पर भी निगरानी रखी जा सकेगी. पता लगाया जा सकेगा कि कोच में टीटीई है या फिर नहीं. इतना ही नहीं, टीटीई के आने और जाने की टाइमिंग भी कैमरे में देखी जा सकेगी, साथ ही कोच में घुसने वाले अवैध वेंडर पर भी रेलवे निगरानी कर आसानी से कार्रवाई कर सकेगा.
सीसीटीवी कैमरों की खासियत
कोच में लगे इन सीसीटीवी कैमरे की खासियत यह है कि कैमरे के साथ ही नजदीक में माइक्रोफोन भी रहेंगे. ट्रेन 100 किलोमीटर से अधिक रफ्तार से चलने के बावजूद साफ वीडियो कैप्चर करते हैं. ये रात के वक्त भी बेहतर पिक्चर डेवलप करने में कारगर हैं. इतना ही नहीं, कैमरे कोच के दरवाजों के पास इंस्टॉल होने से यात्रियों की निजता भी बनी रहेगी. वहीं कोच और इंजन में डॉम कैमरे लगाए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा एरिया को कवर किया जा सके.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.