Last Updated:
निसान मोटर इंडिया 21 जनवरी 2026 को ग्रेवाइट एमपीवी लॉन्च करेगी, टेकटन एसयूवी 4 फरवरी को आएगी, तीनों मॉडल भारत में बनेंगे और एक्सपोर्ट होंगे, डीलर नेटवर्क भी बढ़ेगा.
नई दिल्ली. निसान मोटर इंडिया 21 जनवरी 2026 को अपनी नई ग्रेवाइट कॉम्पैक्ट एमपीवी लॉन्च करने जा रही है, जो कंपनी का 2026 में पहला प्रोडक्ट लॉन्च होगा. ग्रेवाइट के साथ निसान अगले डेढ़ साल में तीन नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करने की रणनीति पर काम कर रही है. एमपीवी के बाद कंपनी 4 फरवरी को टेकटन नाम की 5 सीटर सी-सेगमेंट एसयूवी पेश करेगी, जबकि एक बड़ी 3-रो वाली सी-एसयूवी 2027 में प्रोडक्शन के लिए तैयार होगी.
भारत में ही बनेंगे तीनों मॉडल
ये तीनों मॉडल भारत में ही बनाए जाएंगे और चुनिंदा विदेशी बाजारों में एक्सपोर्ट भी किए जाएंगे. ग्रेवाइट की लॉन्चिंग ऐसे समय में हो रही है जब निसान के एक्सपोर्ट में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है. दिसंबर 2025 में कंपनी ने 13,470 गाड़ियां एक्सपोर्ट कीं, जो पिछले दस सालों में सबसे ज्यादा है.
12 लाख से ज्यादा यूनिट्स एक्सपोर्ट
2025 में कंपनी के कुल एक्सपोर्ट 12 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गए. ग्रेवाइट को सीएमएफ-ए आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है, जो रेनो ट्राइबर में भी इस्तेमाल होता है. हालांकि, निसान ने इसे अलग पहचान देने के लिए खास डिजाइन एलिमेंट्स दिए हैं. इसके फ्रंट में चौड़ा ब्लैक्ड-आउट ग्रिल और पतली एलईडी लाइट स्ट्रिप दी गई है.
ये फीचर्स भी मौजूद
इसके अलावा इसमें इंटीग्रेटेड हेडलैंप्स, उभरी हुई बोनट लाइन्स और ग्रेवाइट की ब्रांडिंग प्रमुखता से दी गई है. पीछे की तरफ इसमें कनेक्टेड एलईडी टेल लैंप्स, सीधा टेलगेट डिजाइन और इंटीग्रेटेड रूफ स्पॉइलर मिलता है. बंपर में स्किड प्लेट एलिमेंट्स के साथ डिटेलिंग की गई है, जिससे इसे स्पोर्टी लुक मिलता है.
इंटीरियर
इंटीरियर की बात करें तो ग्रेवाइट में तीन-रो केबिन लेआउट और मॉड्यूलर सीटिंग अरेंजमेंट मिलेगा. हालांकि कंपनी ने अभी इंटीरियर की पूरी जानकारी नहीं दी है, लेकिन इसमें ज्यादा जगह, रोजमर्रा की जरूरतों के हिसाब से प्रैक्टिकल फीचर्स मिलने की उम्मीद है. इसमें 1.0 लीटर पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो नैचुरली एस्पिरेटेड और टर्बोचार्ज्ड दोनों वेरिएंट्स में उपलब्ध होगा.
गियरबॉक्स ऑप्शन
ग्राहकों को मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलेंगे. कयास लगाए जा रहे हैं कि ग्रेवाइट की कीमत इसकी सबसे बड़ी खासियत होगी और इसकी डिलीवरी व शोरूम एक्टिविटी मार्च 2026 से शुरू हो सकती है. अपने बढ़ते प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को सपोर्ट करने के लिए निसान डीलर और सर्विस नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार कर रही है, जिसका लक्ष्य वित्त वर्ष 2027 तक करीब 250 आउटलेट्स तक पहुंचना है.