अशोकनगर में कांग्रेस ने शनिवार को इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता नगर पालिका का घेराव करने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए गेट के बाहर बैरिकेड लगा दिए थे। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड को धक्का देकर हटाने का प्रयास किया, जबकि अंदर से पुलिसकर्मी उन्हें संभाले हुए थे। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड के ऊपर चढ़ने की भी कोशिश की। इस दौरान काफी देर तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की चलती रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग के बाहर ही रोक दिया। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने से पहले, कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय के बाहर सड़क किनारे टेंट लगाकर चार घंटे तक धरना दिया और विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। पाइपलाइनों को व्यवस्थित करने की मांग
ज्ञापन में मुख्य रूप से नगरपालिका परिषद द्वारा पाइपलाइन के माध्यम से घरों में सप्लाई किए जा रहे दूषित पानी की समस्या को उठाया गया। मांग की गई कि कई वार्डों में आ रहे गंदे पानी की आपूर्ति को तत्काल सुधारा जाए ताकि आमजन को स्वच्छ पानी मिल सके। साथ ही, पानी की पाइपलाइनों को गंदी नालियों से हटाकर व्यवस्थित करने की भी मांग की गई। अन्य मांगों में विभिन्न वार्डों में जाम पड़ी नालियों की सफाई करवाना शामिल था, ताकि घातक बीमारियां न फैलें। प्रशासन द्वारा किए गए अतिक्रमण से टूटी या जर्जर हुई नालियों को ढकवाकर व्यवस्थित करने की मांग भी की गई, क्योंकि इनसे मच्छर पनप रहे हैं। इसके अतिरिक्त, कई वार्डों में बंद पड़ी मुख्य मार्गों की स्ट्रीट लाइटों को चालू करवाने की बात भी कही गई ताकि दुर्घटनाएं न हों। हाथठेला चालकों का मुद्दा भी उठाया
ज्ञापन में हाथठेला चालकों का मुद्दा भी उठाया गया, जो सब्जी, फल और अन्य सामान बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं और नगरपालिका द्वारा परेशान किए जाते हैं। उनके लिए उचित स्थान की व्यवस्था करने की मांग की गई। कांग्रेस ने अनुरोध किया कि इन सभी बिंदुओं पर जल्द संज्ञान लिया जाए और समस्याओं का निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को भविष्य में किसी आपदा, बीमारी या संकट का सामना न करना पड़े। कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा पहले से ही तैयारी की गई थी नगर पालिका की गेट पर बैरिकेड लगा दिए थे। साथ ही काफी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए थे। जिन्होंने प्रदर्शन के दौरान सड़क पर यातायात व्यवस्था बनाई। देखिए प्रदर्शन की तस्वीरें…
Source link