Last Updated:
Aiden Markram Century: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका के कप्तान ऐडन मार्करम तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचा रहे हैं. मार्करम ने SA20 में डरबन सुपर जायंट्स के लिए पार्ल रॉयल्स के खिलाफ शतक ठोका. उन्होंने 58 गेंदों में 108 रन की पारी खेली. शतक पूरा करने के लिए मार्करम ने लगातार चार बाउंड्री ठोकीं. उन्होंने 6,4,6,6 लगाकर सेंचुरी का जश्न मनाया.
नई दिल्ली. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. इससे पहले साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के कप्तान ऐडन मार्करम का बल्ला खूब बोल रहा है. टी20 वर्ल्ड कप से पहले मार्करम प्रचंड फॉर्म में हैं. मार्करम SA20 में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे हैं. इसका एक नमूना पार्ल रॉयल्स और डरबन सुपर जायंट्स के मैच में देखने को मिला, जिसमें मार्करम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शतक ठोका. मार्करम ने शतक पूरा करने के लिए लगातार चार बाउंड्री लगाईं. उन्होंने 6,4,6,6 ठोककर सेंचुरी पूरी की.
58 गेंदों में खेली 108 रन की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए डरबन टीम ने सात विकेट खोकर 189 रन बोर्ड पर लगाए. इस मार्करम की 108 रन की कप्तानी पारी शामिल रही. ओपनिंग करने आए मार्करम आखिरी ओवर तक क्रीज पर रहे. उन्होंने पारी के 19वें ओवर में जबरदस्त पावर हीटिंग करते हुए शुरुआती चार गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के लगाकर शतक पूरा किया. इस ओवर में मार्करम ने दो चौके, तीन छक्के और एक डबल के साथ कुल 28 रन लूटे. पारी के 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर वह आउट हो गए. आउट होने से पहले मार्करम ने 12 चौके और पांच छक्के लगाकर 108 रन बनाए. उन्होंने 186 के घातक स्ट्राइक रेट से गेंदबाजों की धुनाई की.
ऐडन मार्करम ने ठोका तूफानी शतक.
प्रचंड फॉर्म में मार्करम
मार्करम ने पिछले दो मुकाबलों में प्रचंड फॉर्म दिखाई है. इस मैच से पहले उन्होंने सनराइजर्स टीम के खिलाफ 66 रन की पारी खेली थी. मार्करम का यह फॉर्म सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप के लिहाज से साउथ अफ्रीका के लिए अच्छी खबर है, जिसमें वह टीम की कमान संभालते नजर आएंगे. साउथ अफ्रीका की टीम पिछले टी20 वर्ल्ड कप में रनरअप रही थी. उसे भारत के हाथों फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में इस बार प्रोटीज की नजरें खिताब जीतने पर होंगी.
58 रन से डरबन को मिली जीत
इस मैच के नतीजे की बात करें तो मार्करम की डरबन सुपर जायंट्स ने 58 रन से जीत दर्ज की. 190 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पार्ल रॉयल्स के बल्लेबाज नौ विकेट खोकर 131 रन ही बना सके. डरबन सुपर जायंट्स के लिए सुनील नरेन और गेराल्ड कोएत्जे ने दो-दो विकेट चटकाए. वहीं, साइमन हार्मर, ऐडन मार्करम, लियाम लिविंगस्टोन और क्वेन मफाका ने एक-एक विकेट झटका.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें