कटनी जिले के मझगवां गांव में रविवार देर शाम सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। बोलेरो सवार युवकों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर दी। घटना से नाराज ट्रक चालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। बोलेरो-ट्रक की टक्कर के बाद विवाद जानकारी के अनुसार, मझगवां ओपन कैप के पास एक बोलेरो और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो में सवार युवकों ने ट्रक चालक को नीचे उतारकर पीटना शुरू कर दिया। चालक की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ट्रक चालक और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ देख बोलेरो छोड़कर भागे आरोपी लोगों को इकट्ठा होता देख आरोपी युवक बोलेरो वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घायल चालक को अन्य चालकों ने संभाला। घटना से आक्रोशित ट्रक चालकों ने मझगवां के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ट्रक खड़े कर रास्ता जाम कर दिया। एक घंटे तक लगा रहा जाम चालकों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सूचना मिलने पर बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया। बोलेरो से सरकारी धान की बोरियां मिलीं घटना के बाद जब पुलिस और ग्रामीणों ने लावारिस खड़ी बोलेरो की जांच की, तो उसमें धान से भरी बोरियां मिलीं। बोरियों पर सरकारी टैग लगे हुए थे। इससे सरकारी धान चोरी के बड़े मामले की आशंका जताई जा रही है। बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात बहाल कराया। बोलेरो में मिली धान की बोरियों की जांच की जा रही है। आरोपी युवकों की तलाश भी की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
Source link