Last Updated:
मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंदिर से घंटा चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कांबिंग गश्त के दौरान पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पीतल के घंटे बरामद किए गए हैं. चोरी की घटना 15 जनवरी को निवी गांव के बाबा महाराज मंदिर में हुई थी.
मुरैना. जिले में मंदिरों को निशाना बनाकर घंटा चोरी करने वाले गिरोह पर सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कांबिंग गश्त के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मंदिर चोरी की वारदात का खुलासा किया है. आरोपियों के कब्जे से पीतल के चोरी किए गए घंटे भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अफसर ने बताया कि मंदिरों में घंटा आम तौर पर बाहर की तरफ ही लगा होता है और आने वाला श्रद्धालु पहले घंटा बजाता है और फिर मंदिर में प्रवेश करता है. ऐसे में घंटे की चोरी करना सबसे आसान होता है. इन दिनों जब सोने-चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं तब चोरों ने मंदिरों से पीतल-तांबे के घंटों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है.
पुलिस ने बताया कि चोरी का यह मामला 15 जनवरी का है, जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नीवी गांव स्थित बाबू महाराज मंदिर से पीतल के घंटे चोरी कर लिए गए थे. चोरी के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही थी. ग्रामीणों की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए सघन कांबिंग गश्त शुरू की.
तीन दिन में खुलासा, कांबिंग गश्त में गिरफ्तारी
दिनांक 18 जनवरी 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक उदयभान सिंह यादव के नेतृत्व में सिविल लाइन पुलिस टीम ने देर रात कांबिंग गश्त के दौरान दोनों आरोपियों को नीवी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया. मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को सफलता मिली और चोरी का माल भी बरामद हुआ.
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बाबू महाराज मंदिर से घंटा चोरी करना स्वीकार किया. आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान मंदिरों को निशाना बनाते थे और चोरी किए गए पीतल के घंटों को बेचने की फिराक में थे. उन्होंने बताया कि बर्तन की दुकान वाले या फिर लोहे गलाकर या पीटकर चाकू-छुरी बनाने वाले इन घंटों को खरीदते हैं. इन्हें गलाकर छोटी मूर्तियां और सामान बना लेते हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीतल के घंटे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है. बरामद माल को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें