Last Updated:
Khargone Accident: खरगोन के धरगांव में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे मिर्च खरीद रहे लोगों को रौंद दिया. हादसे में हार्डवेयर व्यापारी की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं. चालक फरार हो गया लेकिन कार जब्त कर ली गई. वहीं, एक दिन पहले जबलपुर में भी भयानक सड़क हादसा हुआ था, जहां कार ने मजदूरों को रौंद दिया था.
Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरगांव में सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. सुलगाव फाटे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे लाल मिर्च खरीद रहे चार लोगों और एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में हार्डवेयर व्यापारी 55 वर्षीय मुन्ना कर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्री सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है.
बहुत स्पीड में थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की स्पीड इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद लोग दूर तक उछलकर गिरे. हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. कार करीब 500 मीटर आगे जाकर एक नीम के पेड़ से कार टकरा गई. हालांकि, चालक फरार हो गया था. पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. मंडलेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉ. किरण वर्मा ने बताया कि घायल मुन्ना कर्मा को गंभीर हालत में लाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. अन्य घायलों का इलाज जारी है.
कार जब्त, चालक फरार
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है. यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है. एक दिन पहले रविवार दोपहर जबलपुर-बरेला हाईवे पर भी इसी तरह का भयावह हादसा हुआ था, जहां तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे भोजन कर रहे मजदूरों को कुचल दिया था. इस हिट एंड रन घटना में अब तक पांच महिला मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं.
ये घटनाएं सड़क सुरक्षा की लापरवाही को उजागर करती हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार, लापरवाह ड्राइविंग और सड़क किनारे अनियमित गतिविधियां ऐसे हादसों का मुख्य कारण हैं. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और सड़क किनारे सावधानी बरतें. दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और चालकों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें