शिवपुरी शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित सागर रेस्टोरेंट में उधारी के पैसे मांगने पर हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। मामला 18 जनवरी का है, जिसकी शिकायत होटल संचालक ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाम को पूछताछ, रात में विवाद फरियादी गणेश प्रसाद वर्मा (72), निवासी वृंदावनधाम कॉलोनी, शिवपुरी ने पुलिस को बताया कि 18 जनवरी की शाम करीब 4 बजे विक्की गुर्जर निवासी छोटा लुहारपुरा और निक शर्मा निवासी मनियर होटल पर आए थे। दोनों ने उनके बेटे आकाश वर्मा और कर्मचारी धर्मेंद्र धाकड़ के बारे में पूछताछ की। जब बताया गया कि दोनों बाहर हैं, तो वे गाली-गलौज करते हुए चले गए। उधारी चुकाने को कहा तो भड़के आरोपी रात करीब 8 बजे दोनों आरोपी दोबारा होटल पहुंचे और उधार में खाना पैक करने की मांग की। जब उनसे पहले का बकाया चुकाने को कहा गया, तो वे गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर होटल कर्मचारी नीरज केवट ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। कर्मचारियों से मारपीट, होटल में तोड़फोड़ आरोपियों ने नीरज केवट के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे पेट और पीठ में चोटें आईं। इसके बाद होटल में रखी कुर्सियां और बर्तन तोड़ दिए गए तथा तैयार खाना भी फेंक दिया गया। इस दौरान आरती जाटव और सोनू नामक कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी देकर फरार जब अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गणेश प्रसाद वर्मा ने बताया कि आरोपियों की धमकियों और बेटे के इंदौर में होने के कारण वे तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सके। बेटे के वापस लौटने पर पूरी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
Source link