Sanjay Manjrekar: भारत के पूर्व बल्लेबाज और वर्तमान में क्रिकेट एक्सपर्ट की भूमिका निभा रहे संजय मांजरेकर ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है. अभी विराट कोहली पर उनका हालिया कमेंट का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि उन्होंने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट की तौहीन करते हुए बड़ी बात बोल दी. संजय मांजरेकर की माने तो न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में मिली हार को ज्यादा तवज्जो नहीं देनी चाहिए. उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि अब चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतना भी बड़ी बात नहीं है.
इससे पहले संजय मांजरेकर ने विराट कोहली पर तंज कसा था. पूर्व क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा कि जब वो जो रूट और स्टीव स्मिथ को टेस्ट में लड़ते और शतक बनाते देखते हैं तो उन्हें तकलीफ होती है. मांजरेकर ने कहा कि कोहली ने सबसे कठिन टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले लिया और अब सबसे आसान प्रारूप (ODI) में खेल रहे हैं.
संजय मांजरेकर के इस बयान पर बवाल तय!
संजय मांजरेकर ने कहा था कि वनडे क्रिकेट तीनों फॉर्मेट की तुलना में सबसे आसान है. अब उन्होंने दावा किया है कि आज की तारीख में चैंपियन ट्रॉफी भी मायने नहीं रखता है. पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि वनडे में सिर्फ वर्ल्ड कप अहम है, बाकी कुछ नहीं.
संजय मांजरेकर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कहा,
”सच कहूं तो, आज के 50 ओवर के क्रिकेट में असल मायने वर्ल्ड कप के हैं, चैंपियंस ट्रॉफी के नहीं. क्योंकि अगर आप पिछले तीन चैंपियंस ट्रॉफी विजेताओं को याद करने की कोशिश करेंगे, तो आपको उन्हें याद करना मुश्किल होगा. लेकिन 50 ओवर के वर्ल्ड कप के हर विजेता को आप वर्ल्ड कप शुरू होने के समय से ही याद रखेंगे. तो हां, अगर आप अपनी हार और खराब प्रदर्शन को भुला देना चाहते हैं, तो अगले वर्ल्ड कप से पहले ही इसे भुला दें.”
संजय मांजरेकर ने आगे कहा कि आप वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं, इसलिए ये द्विपक्षीय सीरीज निर्धारित हैं, लेकिन ये ज्यादातर वार्म-अप मैच हैं और इन्हें बहुत ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए. दरअसल, इन द्विपक्षीय सीरीज का महत्व इतना बढ़ गया है कि दो हफ्ते बाद शायद ही कोई क्रिकेट प्रशंसक उस द्विपक्षीय वनडे सीरीज के नतीजे को याद रखता है. अब सब कुछ वर्ल्ड कप के बारे में है और उससे पहले का फॉर्म इस बात का कोई बड़ा संकेत नहीं है कि वर्ल्ड कप कौन जीतेगा.
ये भी पढ़ें: ‘गंभीर हाय-हाय…’, आंखों के सामने कोच की हूटिंग कर रहे थे लोग, विराट कोहली को आया गुस्सा और फिर… VIDEO वायरल