ग्वालियर में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। मोबाइल और पैसों के लेनदेन पर तीन बदमाशों ने उसे बेरहमी से पीटा था। जब वह बेहोश हो गया तो हमलावर भाग गए। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उस पर पानी छिड़क कर घर ले गए। घर कपड़े बदलकर सुला दिया। काफी देर तक उसे सोता समझकर किसी ने परेशान नहीं किया, लेकिन शाम को जब उसे जगाना चाहा तो वह नहीं जागा। तत्काल परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना मंगलवार दोपहर से शाम तक के बीच शिव शक्ति नगर घासमंडी ग्वालियर की है। घटना के बाद परिजन ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर रही है। तीनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया है। बेहोश होने तक पीटते रहे तीनों
शहर के उपनगर ग्वालियर के शिव शक्ति नगर निवासी 28 वर्षीय नरेंद्र पिता मुन्नालाल बाथम के घर के पास ही जगदीश बाथम, बल्लू बाथम व राकेश बाथम रहते हैं। ऐसा पता लगा है कि नरेंद्र के यह लोग दूर के रिश्ते में भाई लगते हैं। इनके बीच एक मोबाइल और पैसों के लेन-देन पर विवाद चल रहा है। नरेंद्र को इन तीनों से पैसे और मोबाइल लेना था। मंगलवार दोपहर नरेंद्र इनके घर पहुंचा और मोबाइल और रुपयों की मांग की, जिस पर यह तीनों आक्रोशित हो गए और गाली गलौज करने लगे। विवाद बढ़ा तो तीनों ने नरेंद्र से मारपीट शुरू कर दी। उसे जमीन पर पटककर पेट, चेहरे पर लात घूसे मारते चले गए। हमलावर जब तक मारते रहे तब तक कि नरेंद्र बेहोश नहीं हो गया। उसके बेहोश होते ही तीनों हमलावर वहां उसे वैसा ही पड़ा छोड़कर भाग गए। परिजन पानी डालकर उसे होश में लाए
घटना का पता चलते ही नरेंद्र के परिजन वहां पहुंचे। उसे बेहोश पड़ा देखकर तत्काल उस पर पानी का छिड़काव किया तो उसकी चेतना लौटी। इसके बाद घर ले जाकर उसके कपड़े बदलकर उसे सुला दिया। परिजन ने सोचा कि वह ठीक है, लेकिन शाम को जब परिजन उसे उठाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर मृत पड़ा था। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था। परिजन उसे तत्काल हॉस्पिटल ले गए। यहां अस्पताल में डॉक्टर ने नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन ने किया हंगामा, पुलिस ने तीन आरोपी पकड़े
अस्पताल में डॉक्टरों ने जैसे ही नरेंद्र को मृत घोषित किया तो परिजन ने हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच डेड हाउस में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने तीनों हमलावर जगदीश, बल्लू और राकेश को पकड़ लिया है।
Source link