मंदसौर जिले की सीतामऊ थाना पुलिस ने मंगलवार को प्याज से भरे एक आयशर ट्रक के भीतर छुपाकर रखे गए 14 क्विंटल अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा को जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। सीतामऊ थाना क्षेत्र के साताखेड़ी चौकी प्रभारी ओ.पी. राठौर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना के अनुसार एक आयशर ट्रक क्रमांक RJ 09 GE 2875, जिसमें प्याज के कट्टों के बीच अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा छुपाकर रखा गया है, अफजलपुर की ओर से लदूना चौराहा होते हुए 08 लाइन दलावदा से चढ़कर पटियाला (पंजाब) जाने वाला है। पुलिस टीम द्वारा तत्काल 8 लाइन के पास दलावदा रोड पर घेराबंदी की गई। ट्रक रोककर की गई तलाशी
घेराबंदी के दौरान सीतामऊ की ओर से आ रहे आयशर ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम विक्रम आचार्य निवासी छोटी सादड़ी तथा उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मुकेश आचार्य निवासी छोटी सादड़ी बताया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने ट्रक में प्याज भरे होने की बात कही, लेकिन जब पुलिस ने ट्रक की गहन जांच की तो 315 प्याज के कट्टों के बीच छुपाकर रखे गए 65 काले कट्टों में भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद हुआ। 14 क्विंटल डोडाचूरा जब्त
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 14 क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा के स्त्रोत, सप्लाई नेटवर्क और खपत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Source link