छिंदवाड़ा में छुट्टी पर घर आए नागालेंड में पदस्थ भारतीय सेना के जवान की मंगलवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल जवान को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान वीरेंद्र तुमराम (पिता राधेश्याम तुमराम), निवासी परासिया रोड, पोआमा, छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र छुट्टी पर छिंदवाड़ा आया हुआ था और किसी परिचित परिजन के यहां गया था। वापस लौटते समय मंगलवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच अमरवाड़ा रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद डायल 112 के स्टाफ उमाशंकर इवनाती घायल अवस्था में जवान को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही देर रात परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में शोक का माहौल रहा। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Source link