उज्जैन में एक युवक और नाबालिग युवती ने शिप्रा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना देवास-बदनावर बायपास रोड स्थित तपोभूमि और चंदेसरी ब्रिज के बीच की बताई जा रही है। बुधवार सुबह दोनों के शव नदी के पानी में तैरते हुए मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह नानाखेड़ा थाना पुलिस को शिप्रा नदी के पुल के नीचे दो शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी नरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में नागझिरी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को नदी से बाहर निकालकर जांच की, जिसमें उनकी मौत की पुष्टि हुई। पुल पर खड़ी मिली बाइक घटनास्थल पर पुल के ऊपर एक मोटरसाइकिल (क्रमांक MP13-ZP-3749) लावारिस हालत में खड़ी मिली। बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान खाचरौद के समीप ग्राम चापाखेड़ा निवासी 21 वर्षीय अर्जुन पिता कचरूलाल बोड़ाना के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार यह बाइक अर्जुन के बड़े भाई की है, जिसे वह मंगलवार दोपहर घर से लेकर निकला था। उस समय नाबालिग युवती भी उसके साथ थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि दोनों देर रात बाइक से यहां पहुंचे और शिप्रा नदी के पुल से छलांग लगा दी। सुबह नदी में शव तैरते नजर आने पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। बैग से मच्छर मारने की दवा मिली पुलिस को मौके से बाइक पर रखे एक बैग में मच्छर मारने की दवा (मार्टिन) भी मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने नदी में कूदने से पहले जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम किया सीएसपी श्वेता गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Source link