ग्वालियर में एक छात्रा के साथ बदमाशों ने मारपीट कर दी। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सनवैली रोड की हुई। बुधवार दोपहर फ्लावर सिटी में रहने वाली छात्रा मयूरी गुप्ता (21) स्कूटी से एमएलबी कॉलोनी में स्टेनो की कोचिंग अटैंड करने जा रही थी। करीब 12.30 बजे से एक बजे के बीच बाइक सवार कुछ अज्ञात युवकों ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो इससे नाराज होकर बदमाश युवकों ने गाली-गलौज करते हुए सड़क पर ही उसके साथ लात-घूसों से मारपीट कर दी। घटना के बाद छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। डॉक्टर बोले थाने जाओ, पुलिस ने कहा-हमारे क्षेत्र का मामला नहीं
घायल छात्रा मयूरी को उसके पड़ोसी और मां रजनी गुप्ता अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें पड़ाव थाने भेज दिया। पड़ाव थाना पुलिस ने इसे अपने क्षेत्र का मामला न बताते हुए हजीरा सिविल अस्पताल जाने को कहा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सिरोल थाने जाने की सलाह दी। सिरोल थाने पहुंचने पर वहां की पुलिस ने भी इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया और विश्वविद्यालय थाने जाने को कहा। मां और पड़ोसी जब छात्रा को लेकर विश्वविद्यालय थाने पहुंचे, तो पुलिस ने जांच करने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ दिया। इस दौरान घायल छात्रा मयूरी गुप्ता का मेडिकल भी नहीं कराया गया। छात्रा का आरोप है कि ग्वालियर पुलिस इस मामले में कार्रवाई करने से बच रही है और उसे इलाज के लिए कई थानों के चक्कर लगाने पड़े हैं।
Source link