125 ऑटो चालकों और 80 बस चालकों का नेत्र परीक्षण: शिवपुरी में 150 एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियम बताए – Shivpuri News

125 ऑटो चालकों और 80 बस चालकों का नेत्र परीक्षण:  शिवपुरी में 150 एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियम बताए – Shivpuri News




शिवपुरी पुलिस मुख्यालय पीटीआरआई भोपाल के निर्देश पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। ‘सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा’ थीम पर आधारित इन कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार, 21 जनवरी 2024 को यातायात थाना शिवपुरी ने विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं। इस अभियान के तहत खिन्नी नाका स्थित 35वीं बटालियन एनसीसी कैम्प में 150 एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने जैसे सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कैडेट्स को हिट एंड रन योजना के तहत राज्य शासन द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि के बारे में भी बताया गया। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार की ‘राह-वीर योजना’ की जानकारी दी गई, जिसके तहत सड़क दुर्घटना के घायलों को ‘गोल्डन आवर’ में अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र और कानूनी सुरक्षा प्रदान की जाती है। इसी क्रम में, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिवपुरी के सहयोग से पोहरी बस स्टैंड पर एक नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 125 ऑटो चालकों और 80 बस चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया। उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। यातायात पुलिस के अनुसार, इन जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाना है।



Source link