Bangladesh T20 World Cup: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने टी20 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर अल्टीमेटम दे दिया है. उसे कह दिया गया है कि या तो वह भारत में आकर अपने मैच खेले या उसकी जगह टूर्नामेंट में दूसरी टीम को रखा जाएगा. यहां तक कि बीसीबी को इस पर फैसला लेने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट में खेलने से इनकार करता है तो क्या होगा?
बांग्लादेश क्यों कर रहा नौटंकी?
बांग्लादेश ने 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मुकाबले खेलने हैं. इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल से मुकाबला होगा. बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोलकाता नाइटराइडर्स को मुस्तफिज़ुर रहमान को अपनी आईपीएल 2026 टीम से हटाने का निर्देश दिया था. इसके बाद बीसीबी ने आईसीसी से मांग की थी कि उसके मैच भारत के बजाय श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं.
बदलाव संभव नहीं: आईसीसी
आईसीसी ने कहा है कि उसका फैसला सुरक्षा आकलन पर आधारित था, जिसमें स्वतंत्र समीक्षाएं भी शामिल थीं. इसमें भारत में टूर्नामेंट के किसी भी वेन्यू पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडिया या फैंस को कोई खतरा नहीं पाया गया. आईसीसी ने साफतौर पर कहा है कि टूर्नामेंट के इतने करीब बदलाव संभव नहीं थे. आईसीसी के अनुसार, विश्वसनीय सुरक्षा जोखिम के बिना शेड्यूल में बदलाव भविष्य के आईसीसी इवेंट्स की निष्पक्षता को कमजोर करने वाली एक मिसाल कायम कर सकता है.
ये भी पढ़ें: Shocking: अरे ये क्या हुआ… 36 ओवरों में 85 रन ही बना पाई ये टीम, वर्ल्ड कप मैच में ठोके सिर्फ 2 चौके
आईसीसी का बयान
आईसीसी प्रवक्ता ने बताया, ”पिछले कई हफ्तों से आईसीसी ने बीसीबी के साथ लगातार बातचीत की है, जिसका स्पष्ट उद्देश्य बांग्लादेश की टूर्नामेंट में भागीदारी को सक्षम बनाना है. इस दौरान आईसीसी ने विस्तृत जानकारी साझा की, जिसमें स्वतंत्र सुरक्षा आकलन, व्यापक वेन्यू-स्तरीय सुरक्षा योजनाएं और मेजबान अधिकारियों से औपचारिक आश्वासन शामिल हैं. सभी ने यह निष्कर्ष निकाला कि भारत में बांग्लादेश टीम की सुरक्षा के लिए कोई विश्वसनीय या सत्यापित खतरा नहीं है.”
नई टीम की कैसे होगी एंट्री?
अगर बांग्लादेश इस बड़े इवेंट से हटता है, तो उम्मीद है कि स्कॉटलैंड उसकी जगह लेगी. यह टीम फिलहाल 14वें पायदान पर है. यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्वालीफाई न करने वाली सबसे ऊंची रैंक वाली टीम है. इस कारण उसकी एंट्री हो जाएगी. 2009 में जिम्बाब्वे के हटने के बाद स्कॉटलैंड ने जगह ली थी.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup Controversy: बांग्लादेश को अल्टीमेटम… ICC ने वोटिंग से किया बड़ा फैसला, अब पाकिस्तान की निकलेगी हेकड़ी
स्कॉटलैंड ही क्यों?
यूरोप रीजनल फाइनल में नीदरलैंड और इटली ने क्वालिफाई किया और जर्सी स्कॉटलैंड से ऊपर रही. अगर आईसीसी प्रतिष्ठा के बजाय क्वालिफिकेशन नतीजों का सख्ती से पालन करता है, तो जर्सी को चुना जा सकता है. दूसरी टीमों के क्षेत्रों पर भी विचार किया जा सकता है, लेकिन आईसीसी शायद ऐसी टीम को पसंद करेगा जो ट्रैवल या शेड्यूलिंग की समस्या पैदा किए बिना टूर्नामेंट में शामिल हो सके. ऐसे में स्कॉटलैंड पहली पसंद बन रहा है. वह टूर्नामेंट में एंट्री मारने के लिए तैयार है.