अनूपपुर जिला यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बुधवार को एक खास अभियान चलाया। पुलिस ने रात के अंधेरे में सड़क किनारे के पेड़ों और खंभों को वाहन चालकों के लिए दृश्यमान बनाने के लिए उन पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए हैं। तीन प्रमुख मार्गों—अनूपपुर-शहडोल, अमरकंटक तिराहा-राजेंद्रग्राम और जैतहरी-वेंकटनगर पर हजारों की संख्या में ये रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए हैं। ये टेप रात के समय वाहनों की लाइट पड़ते ही जुगनू की तरह चमकते हैं, जिससे चालकों को दूर से ही सड़क की सीमा और मोड़ का अंदाजा मिल जाता है। चिंताजनक रहे हैं दुर्घटना के आंकड़े जिले में सड़क हादसों के पिछले दो वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम क्यों जरूरी हैं: वर्ष 2024: सड़क हादसों में 174 लोगों की मौत हुई और 335 लोग प्रभावित हुए। वर्ष 2025: मौतों का आंकड़ा घटकर 155 पर आया, लेकिन कुल प्रभावितों की संख्या बढ़कर 348 हो गई। किन इलाकों को किया गया कवर? यातायात विभाग ने इन प्रमुख क्षेत्रों में रिफ्लेक्टर लगाए हैं, सोन नदी पुल से संधा तिराहा तक। अंडरब्रिज तिराहा से परसवार रोड तक। साईं मंदिर से जैतहरी नो एंट्री पॉइंट तक। बाहरी यात्रियों और भारी वाहनों को मिलेगी मदद यह पहल विशेष रूप से उन भारी वाहनों और बाहरी चालकों के लिए मददगार साबित होगी जो रात के समय इन रास्तों से अनजान होते हैं। सड़क किनारे के पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य ढांचों पर रिफ्लेक्टर होने से मोड़ पर वाहन के सड़क से उतरने या टकराने का खतरा काफी कम हो जाएगा। पुलिस का यह प्रयास जिले को दुर्घटना-मुक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
Source link