मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में लगे राऊ विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ ने सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत श्रीवास्तव को शिकायती पत्र दिया है। इसमें कहा है कि विधानसभा क्षेत्र में पदस्थ अधिकारियों का व्यवहार ठीक नहीं है। बार-बार सभी के साथ अभद्र भाषा का उपयोग कर निलंबन की धमकी दी जाती है। व्हाट्सएप ग्रुप पर भी सही शब्दों का प्रयोग नहीं किया जाता है। बीएलओ का कहना था कि हर दिन काम पूरा करने के बाद बदलाव के नए आदेश देकर उन पर दबाव बनाया जाता है। बीएलओ ने मांग की है कि पर्यवेक्षक और समन्वयकों को शिष्टाचार बनाए रखने के साथ मनोवैज्ञानिक दबाव डालने से बचने के लिए एक एडवाइजरी जारी होना चाहिए। बार-बार नोटिस जारी करने से विरोध का सामना करना पड़ रहा बीएलओ ने दिए पत्र में कहा कि नाम जोड़ने, कम करने या संशोधन के लिए पर्याप्त आवेदन पत्र भी उन्हें उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिसके कारण उन्हें खुद के पैसों से फोटो कॉपी करवाकर मतदाताओं को देना पड़ रहा है। सभी बीएलओ ने समस्या बताते हुए कहा कि अभियान के दौरान मतदाताओं से दो बार दस्तावेज लेकर मैपिंग करने के बाद उनसे नए दस्तावेज लेने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह के मतदाताओं को बीएलओ के प्रमाणीकरण के बावजूद नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि बार-बार नोटिस जारी होते हैं तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ेगा। इस काम के लिए कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय की पात्रता है, जो नहीं दिया गया है। लंबित और भविष्य में मिलने वाले मानदेय को समय पर उनके खाते में जमा किया जाए। बीएलओ ने मांग की है कि अवकाश के दौरान काम करने पर नियमानुसार उन्हें दी जाने वाली छुट्टियां में काम करने वालों के खाते में अर्जित अवकाश जोड़े जाएं।
Source link