Last Updated:
SC Hearing On Bhojshala: एमपी के धार में भोजशाला को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज अहम सुनवाई हो रही है. मामला बसंत पंचमी के दिन पूरे दिन मां सरस्वती की पूजा की अनुमति से जुड़ा है. इस मामले में सुरक्षा के लिए शहर और भोजशाला परिसर में करीब 8000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है.
शैलेंद्र सिंह,
SC Hearing On Bhojshala: भोजशाला को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है. यह मामला बसंत पंचमी के दिन भोजशाला में वाग्देवी (मां सरस्वती) की पूरे दिन पूजा की अनुमति से जुड़ा हुआ है. हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर आज सुनवाई होगी. इस सुनवाई को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. इस सुनवाई से पहले धार जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. भोजशाला परिसर सहित पूरे शहर में करीब 8000 से अधिक पुलिसकर्मी और सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं. किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है.
नो-फ्लाइंग जोन घोषित
भोजशाला के 300 मीटर के दायरे को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है, ताकि ड्रोन या किसी अन्य हवाई गतिविधि से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो. प्रशासन के मुताबिक, बसंत पंचमी के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है. इसी वजह से अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है. अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और लगातार स्थिति की समीक्षा की जा रही है.
दोनों पक्षों की तैयारियां पूरी
सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई को लेकर दोनों पक्षों की तैयारियां पूरी हैं. हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से पूरे दिन पूजा की अनुमति की मांग की गई है, वहीं मुस्लिम पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करेंगे. कोर्ट का फैसला न केवल भोजशाला बल्कि पूरे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण और जरूरी माना जा रहा है.
बसंत पंचमी के मौके पर श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी होने के कारण प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता है. ऐसे में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. इसका फैसला आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बसंत पंचमी के दिन भोजशाला में पूजा किस रूप में और कितनी अवधि तक हो सकेगी.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें