शाजापुर में विरोध के बाद स्मार्ट मीटर हटाए: बिजली कंपनी ने अस्थायी कनेक्शन के मीटर बदले थे, रहवासियों ने की थी शिकायत – shajapur (MP) News

शाजापुर में विरोध के बाद स्मार्ट मीटर हटाए:  बिजली कंपनी ने अस्थायी कनेक्शन के मीटर बदले थे, रहवासियों ने की थी शिकायत – shajapur (MP) News




शाजापुर शहर के वार्ड क्रमांक 25 स्थित द्वारकापुरी कॉलोनी में बुधवार को बिजली कंपनी के स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विवाद हो गया। स्थानीय रहवासियों के कड़े विरोध के बाद कर्मचारियों को लगाए गए नए स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाने पड़े। जानकारी के अनुसार, वार्ड 25 में अधिकांश घरों में अस्थायी बिजली कनेक्शन हैं और सभी मीटर एक ही स्थान पर लगे हुए हैं। रहवासियों का आरोप है कि बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया था, जिससे उनमें नाराजगी फैल गई। स्मार्ट मीटर से बढ़ जाएगा बिल द्वारकापुरी कॉलोनी निवासी प्रदीप गोयल ने बताया कि अस्थायी कनेक्शन होने के कारण पहले से ही 5 हजार से 10 हजार रुपए तक बिजली बिल आ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि स्मार्ट मीटर लगने से बिल और बढ़ जाएगा। एक अन्य निवासी बंटी नगर ने कहा कि प्रशासन उनके घरों तक बिजली का मीटर लगाने की स्थायी व्यवस्था नहीं कर पाया है, जबकि कई बार शिकायत की जा चुकी है। 40 अस्थायी कनेक्शन लगे हैं जिस स्थान पर ये स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे थे, वहां लगभग 40 से 50 बिजली मीटर लगे हुए हैं और सभी कनेक्शन अस्थायी हैं। इन मीटरों से घरों तक बिछे खुले तार सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक हैं। रहवासियों का कहना है कि इन तारों में आए दिन करंट की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस समस्या को लेकर रहवासियों ने कई बार बिजली कंपनी से शिकायत भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। इससे स्थानीय लोगों में असंतोष बना हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन रहवासी स्मार्ट मीटर लगाने को तैयार नहीं हुए। मीटर लगाने वाले इंजीनियर दीपक बैरागी ने बताया कि रहवासियों की आपत्ति के चलते स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए गए हैं। लोगों की मांग है कि पहले खंभे लगवाकर घर-घर मीटर लगाए जाएं, तभी स्मार्ट मीटर स्वीकार किए जाएंगे। फिलहाल वार्ड 25 में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोक दी गई।



Source link