India vs New Zealand Records: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबल में तूफान मचा दिया. ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने जोरदार बल्लेबाजी करते हुए कीवी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी. भारत ने रायपुर में शुक्रवार (23 जनवरी) को न्यूजीलैंड से मिले 209 रन के लक्ष्य को 28 गेंद शेष रहते हुए 15.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंदों पर 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन बनाए. ईशान किशन ने 32 गेंद पर 76 रन ठोके. उनके बल्ले से 11 चौके और 4 छक्के निकले. शिवम दुबे ने 18 गेंद पर नाबाद 36 रन बनाकर कप्तान के साथ मैच को फिनिश कर दिया. शिवम ने एक चौका और 3 छक्के लगाए.
भारत ने तोड़ा पाकिस्तान का रिकॉर्ड
भारत ने इस मैच को जीतकर एक नहीं बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. टीम इंडिया टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते हुए 200 या उससे अधिक रन चेज करने का रिकॉर्ड बनाया. इस मामले में भारत ने पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया. सूर्या की सेना ने 28 गेंद शेष रहते हुए रायपुर में मैच को जीता है. इससे पहले पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ही आकलैंड में पिछले साल 24 गेंद शेष रहते हुए 205 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया था. ऑस्ट्रेलिया ने 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 23 गेंद शेष रहते हुए 215 रन के टारगेट का पीछा सफलतापूर्वक कर लिया था.
न्यूजीलैंड के खिलाफ तोड़ा न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड
भारत ने पावरप्ले में 6 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद 209 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया. फुल मेंबर्स टीमों में यह टारगेट छह या उससे कम रन दो विकेट गिरने के बाद सफलतापूर्वक चेज किया गया अब तक का सबसे बड़ा टारगेट बन गया है. पिछला रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम दर्ज था. उसने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में 4 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद 194 रन बनाकर मैच को जीत लिया था.
ये भी पढ़ें: 48 घंटे में टूट गया अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड, ईशान किशन ने उड़ाया गर्दा, एक झटके में राहुल-रोहित-सूर्यकुमार से आगे
भारत ने सबसे बड़ा टारगेट चेज किया
टी20 इंटरनेशनल में भारत ने अपना संयुक्त रूप से सबसे बड़ा टारगेट चेज कर लिया. इससे पहले उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 में विशाखापत्तनम के मैदान पर 209 रन ही लक्ष्य हासिल किया था.
भारत द्वारा T20I में सफलतापूर्वक चेज किए गए सबसे बड़े टारगेट
209 भारत बनाम न्यूजीलैंड, रायपुर, 2026
209 बनाम ऑस्ट्रेलिया, विशाखापत्तनम, 2023
208 बनाम वेस्टइंडीज, हैदराबाद, 2019
207 बनाम श्रीलंका, मोहाली, 2009
204 बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड, 2020
202 बनाम ऑस्ट्रेलिया, राजकोट, 2013
ये भी पढ़ें: ‘पता नहीं उसने क्या खाया, ऐसी बैटिंग कभी नहीं देखी…’, सूर्यकुमार यादव का गजब बयान, ‘पॉकेट डायनामाइट’ के बने फैन
साउथ अफ्रीका से निकला भारत
भारत ने टी20 इंटरनेशनल में छठी बार 200 या उससे अधिक रन का टारगेट चेज किया है. इस मामले में उसने साउथ अफ्रीका (5 बार) को पीछे छोड़ दिया. टीम इंडिया अब सिर्फ ऑस्ट्रेलिया (7 बार) से पीछे है. पाकिस्तान ने 4 और इंग्लैंड ने 3 बार ऐसा किया है.