पहाड़ों में हुई बर्फबारी के चलते ग्वालियर-चंबल अंचल में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शुक्रवार को दिन में हल्की धूप खिली रही, लेकिन हवा में ठंडक बनी रही। वहीं रात होते ही पूरा शहर घने कोहरे की चादर में लिपट गया। 27-28 जनवरी को मावठ के आसार बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री ज्यादा है। रात भर शहर में घना कोहरा छाया रहा और शनिवार सुबह भी न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ का दिखने लगा असर मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब उत्तर भारत के साथ-साथ ग्वालियर-चंबल संभाग में भी नजर आने लगा है। इसी कारण आगामी दिनों में घना कोहरा छाने और मावठ की बारिश की संभावना जताई गई है। 27-28 जनवरी को हो सकती है मावठ मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 26 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 27 और 28 जनवरी के बीच मावठ यानी बेमौसम बारिश हो सकती है। इसके बाद सिस्टम के कमजोर पड़ने पर फरवरी के पहले सप्ताह में बर्फीली हवाओं के साथ एक बार फिर कड़ाके की सर्दी लौटने के आसार हैं। अगले कुछ दिन रहेंगे अहम मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में कोहरे की तीव्रता बढ़ सकती है, जिससे सुबह और रात के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
Source link