भारत के धाकड़ बल्लेबाज ईशान किशन ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से तहलका मचाकर रख दिया. इस मैच में ईशान किशन ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर 76 रन ठोक दिए. ईशान किशन ने 237.50 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 11 चौके और 4 छक्के जड़ दिए. ईशान किशन ने इस T20I मैच में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 विकेट से जीत दिलाने में बड़ा रोल निभाया है.
क्या संजू सैमसन का कट सकता है पत्ता?
ईशान किशन ने अपनी इस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है. संजू सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले T20I मैच में 10 और दूसरे T20I मैच में 6 रन बनाकर आउट हो गए. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ इस अहम T20I सीरीज में संजू सैमसन का बल्ला खामोश है. वहीं, ईशान किशन ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओपनिंग पोजीशन के लिए दावा ठोक दिया है. अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा T20I सीरीज के बाकी मैचों में भी संजू सैमसन फ्लॉप रहते हैं, तो फिर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा के साथ ईशान किशन ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं. ऐसे में फिर संजू सैमसन को पूरे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बेंच पर बैठना पड़ेगा.
ये खतरनाक बल्लेबाज बनेगा अभिषेक का ओपनिंग पार्टनर!
ईशान किशन की मौजूदा फॉर्म बेहद खतरनाक है, हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए थे. ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के 2025 सीजन में कुल 10 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 197.33 के स्ट्राइक रेट और 57.44 की औसत से सबसे ज्यादा 517 रन बनाए थे. ईशान किशन ने इस दौरान 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए थे. ईशान किशन का इस टूर्नामेंट में हाइएस्ट स्कोर 113 रन रहा था.
ओपनर होने के अलावा एक शातिर विकेटकीपर
ईशान किशन एक बेहद खतरनाक ओपनर होने के अलावा एक शातिर विकेटकीपर भी हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी अगर ओपनिंग करने उतरती है, तो यह भारत की विरोधी टीमों के लिए सबसे बड़ा खतरा होगा. बता दें कि भारत ने ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारियों के दम पर न्यूजीलैंड के विरुद्ध दूसरे टी20 मैच को 7 विकेट से जीता. इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी कीवी टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए. विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद महज 15.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर.