Bangladesh T20 World Cup Controversy: आज से ठीक 21 दिन पहले यानी 3 जनवरी, 2026 को क्रिकेट जगत में मुस्तफिजुर रहमान के नाम की एक चिंगारी निकली, जिसने कुछ दिन बाद बांग्लादेश क्रिकेट को अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने को मजबूर कर दिया. इसमें कहीं से दो राय नहीं है कि ये फैसला बदले की आग में लिया गया. हालांकि, BCB ये भूल गया कि बौखलाहट में लिया गया ये निर्णय, उनके फ्यूचर को बर्बाद कर सकता है. जिस भारत ने उसे टेस्ट स्टेटस दिलाने के लिए दुनियाभर के क्रिकेट बोर्ड को एकजुट किया, आज वही बांग्लादेश BCCI से बगावत कर रहा है. खैर, इसमें उन्हीं का घाटा है… भारत का कुछ नहीं जाता है.
मुस्तफिजुर रहमान के चलते शुरू हुआ विवाद
वैसे तो भारत-बांग्लादेश के बीच विवाद काफी समय से चल रहा है, लेकिन क्रिकेट में इसका असर तब देखने को मिला, जब तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. मुस्तफिजुर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 16 दिसंबर को हुए मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था.
ऑक्शन में बिकने वाले इकलौते बांग्लादेशी थे मुस्तफिजुर रहमान
आईपीएल 2026 से पहले हुए ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान के अलावा 6 और बांग्लादेशी क्रिकेटर्स ने अपना नाम रजिस्टर कराया था, लेकिन मुस्तफिजुर के अलावा बाकियों को किसी फ्रेंचाइजी ने भाव नहीं दिया और सभी अनसोल्ड रहे थे. हालांकि, मुस्तफिजुर रहमान के लिए बोली की जंग हुई और शाहरुख खान की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बाजी मारी.
बांग्लादेश में आईपीएल प्रसारण पर रोक
जैसे ही मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर का रास्ता दिखाया गया, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इस गम को पचा नहीं सका. सरकार ने 5 जनवरी को जवाबी कार्रवाई करते हुए बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगाने का बड़ा फैसला किया.
टी20 वर्ल्ड कप का उठाया मुद्दा?
बांग्लादेश ने इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 को मुद्दा बनाया. BCB ने आईसीसी से गुहार लगाई कि दोनों देश में तनाव की स्थिति है और ऐसे में उनके खिलाड़ियों को भारत में खतरा हो सकता है. ICC ने इस मामले पर पूरी जांच पड़ताल की और फिर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को झटका दिया.
भारत में बांग्लादेश खिलाड़ियों को खतरा नहीं
ICC ने ये साफ किया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश खिलाड़ियों को भारत में खेलने से कोई खतरा नहीं है. सुरक्षा में कहीं से कोई दिक्कत नहीं है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को पूर्णविचार करने को कहा.
जिद्द पर अड़ा रहा बांग्लादेश
आईसीसी के लाख मनाने के बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड मुस्तफिजुर रहमान के मुद्दे पर खार खाए बैठा रहा और उसने ICC से मांग की कि उनके सभी मुकाबले भारत की जगह श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाए. हालांकि, आईसीसी ने इसे बिल्कुल बेतुका समझा.
पाकिस्तान ने दिया बांग्लादेश का साथ
भारत-बांग्लादेश के बीच तनाव में आग में घी डालने का काम पाकिस्तान ने किया. शाहिद अफरीदी और सईद अजमल जैसे पूर्व क्रिकेटर्स सामने आए और उन्होंने आईसीसी पर बड़ा आरोप लगाते हुए बांग्लादेश का समर्थन किया. PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को उकसाने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
बांग्लादेश ने नाम वापस लिया
गुरुवार, 21 जनवरी को फैसले की घड़ी थी. बांग्लादेश ने खुद के पैर पर कुल्हाड़ी मारने का फैसला किया और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने से इनकार कर दिया. ICC ने उन्हें इसपर भी फिर से सोचने का वक्त दिया, लेकिन BCB जिद्द पर अड़ा रहा.
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की एंट्री
शनिवार, 24 जनवरी को आईसीसी ने आधिकारिक तौर से ऐलान कर दिया कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश हिस्सा नहीं ले रहा है. उनकी जगह स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को शामिल किया गया है. स्कॉटलैंड ग्रुप- सी में बांग्लादेश की जगह लेगा, जिसमें इंग्लैंड, नेपाल, वेस्टइंडीज और इटली है.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश OUT स्कॉटलैंड IN… पाकिस्तान भी हुआ बाहर तो T20 वर्ल्ड कप में किस टीम की होगी एंट्री? समझें समीकरण