T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम की तस्वीर साफ हो चुकी है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने कुल 15 खिलाड़ी चुने हैं, जो भारत-श्रीलंका में होने वाले इस मेगा इवेंट में खिताब जीतने का सपना लेकर मैदान पर उतरेंगे. इस बार भले ही मोहम्मद रिजवान और हारिस रऊफ जैसे सीनियर खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है, लेकिन सेलेक्टर्स ने उन 3 मैच विनर्स पर भरोसा जताया है, जिनकी एशिया कप 2025 में घनघोर बेइज्जती हुई थी. उस टूर्नामेंट में इन तीनों ही खिलाड़ियों को जगह नहीं दी गई थी, जो एक चौंकाने वाला फैसला था. फाइनल में पाकिस्तान टीम को भारत ने मात देकर खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था.
एशिया कप 2025 के फाइनल में मिली शर्मनाक हार के बाद चयन समिति ने इस बार टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम के 3 मैच विनर्स को वापस बुलाया है. ये कोई और नहीं बल्कि बाबर आजम, नसीम शाह और शादाब खान हैं. बाबर जहां टॉप ऑर्डर में खेलेंगे, वहीं नसीम शाह तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट को मजबूत करेंगे. शादाब खान गेंद और बल्ले दोनों से मैच जिताने की क्षमता रखते हैं.
बाबर, शादाब और नसीम के आंकड़े देखिए
बाबर आजम पाकिस्तान के पूर्व कप्तान हैं और एक मैच विनर खिलाड़ी माने जाते हैं. टी20 इंटरनेशनल में वो दुनिया के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं. उन्होंने अब तक 136 मैचों में 39.54 की औसत से 4429 रन बनाए हैं, जिनमें 3 शतक और 38 फिफ्टी शामिल हैं.
शादाब खान ने पाकिस्तान के लिए 114 मैच खेले हैं, जिनमें 816 रन बनाए और 114 विकेट झटके हैं. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नसीम शाह अब तक 34 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 30 विकेट ले चुके हैं. वो अपनी स्विंग गेंदबाजी और रफ्तार के लिए जाने जाते हैं. ये तीनों खिलाड़ी अगर अपने रंग में दिखे तो किसी भी टीम को अकेले दम पर जिता सकते हैं.
पाक टीम से 7 खिलाड़ियों की छुट्टी
एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल किए गए 7 खिलाड़ी इस बार बाहर हैं. इनमें हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, हसन अली, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस और सूफियान मुकीम का नाम शामिल है.
इन खिलाड़ियों पर फिर जताया गया भरोसा
एशिया कप में टीम की कप्तानी करने के बाद सलमान अली आगा को कप्तान के रूप में बरकरार रखा गया है. उस टीम में शामिल रहे अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, मोहम्मद नवाज, साइम अयूब और शाहीन शाह अफरीदी टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी जगह बचाने में सफल रहे हैं.
टी20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: धमकी के बाद पाकिस्तान टीम का ऐलान, ये खिलाड़ी बना कप्तान, बाबर-रिजवान का क्या हुआ?